भारत ने न्यूजीलैंड को 7 विकेट से हराया, सीरीज 1-1 से बराबर

Uncategorized खेल

भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैच की सीरीज के दूसरे टी-20 में 18 ओवर में 3 विकेट पर 156 रन बना लिए हैं। आउट होने वाले पहले बल्लेबाज कप्तान रोहित शर्मा रहे। उन्होंने 29 गेंद पर 3 चौके और 4 छक्के की मदद से 50 रन बनाए। वे अंतरराष्ट्रीय टी-20 क्रिकेट के टॉप स्कोरर बने। उनके अब 2288 रन हो गए हैं। वे टी-20 में 100 छक्के लगाने वाले दुनिया के तीसरे बल्लेबाज भी बने।

इस मैच में न्यूजीलैंड ने टॉस जीता और बल्लेबाजी का फैसला किया। उसने 20 ओवर में आठ विकेट पर 158 रन बनाए। उसके लिए कोलिन डी ग्रैंडहोम ने सबसे ज्यादा 50 रन बनाए। ग्रैंडहोम ने 28 गेंद की अपनी पारी में एक चौका और चार छक्के लगाए। ग्रैंडहोम के अलावा रॉस टेलर ने 36 गेंद पर 42 रन की पारी खेली। कप्तान केन विलियम्सन ने 20, जबकि कॉलिन मुनरो और टिम सिफर्ट ने 12-12 रन बनाए। न्यूजीलैंड के चार बल्लेबाज दहाई के अंक तक नहीं पहुंच पाए।

रोहित 100+ छक्के लगाने वाले तीसरे बल्लेबाज

रोहित शर्मा अंतरराष्ट्रीय टी-20 क्रिकेट में 100 से ज्यादा छक्के लगाने वाले दुनिया के तीसरे बल्लेबाज बने। रोहित के अब 102 छक्के हो गए हैं। इस मैच से पहले उन्होंने 91 टी-20 में 98 छक्के लगाए थे। इस मामले में वेस्टइंडीज के क्रिस गेल और न्यूजीलैंड के मार्टिन गुप्टिल संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं। गेल 56 और गुप्टिल 76 टी-20 मैच में 103-103 छक्के लगा चुके हैं।

भारतीय कप्तान ने गुप्टिल को पीछे छोड़ा

रोहित अंतरराष्ट्रीय टी-20 क्रिकेट में टॉप स्कोरर बन गए हैं। उनसे पहले यह रिकॉर्ड मार्टिन गुप्टिल के नाम था। गुप्टिल ने 76 टी-20 में 2272 रन बनाए हैं। वहीं, रोहित ने 92वें टी-20 में इस आंकड़े को पार किया। रोहित अंतरराष्ट्रीय टी-20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा बाउंड्री लगाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं। वे अब तक 204 चौके और 102 छक्के लगा चुके हैं। उनसे पहले गुप्टिल के नाम यह रिकॉर्ड था। गुप्टिल के नाम 200 चौके और 103 छक्के हैं।

खराब शुरुआत के बाद न्यूजीलैंड ने 150+ का स्कोर किया

न्यूजीलैंड की शुरुआत खराब हुई। उसने महज 15 रन के स्कोर पर ही पहला विकेट गंवा दिया था। यही नहीं, 50 रन के कुल स्कोर पर उसके कप्तान केन विलियम्सन भी चौथे बल्लेबाज के तौर पर आउट होकर पवेलियन लौट चुके थे। इसके बाद कोलिन डी ग्रैंडहोम और रॉस टेलर ने पारी को संभाला। दोनों ने 5वें विकेट के लिए 47 गेंद पर 77 रन जोड़े। इस साझेदारी में ग्रैंडहोम ने 28 गेंद में 50 और टेलर ने 19 गेंद पर 22 रन बनाए। एक समय ऐसा लग रहा था कि न्यूजीलैंड की 170 से ज्यादा का स्कोर बनाएगी, लेकिन ग्रैंडहोम के आउट होने के बाद वह 26 गेंद पर 31 रन ही बना पाई और तीन विकेट गंवाए।

ऐसे गिरे न्यूजीलैंड के विकेट

  • पहला विकेट (2.3 ओवर) : भुवनेश्वर कुमार ने इस गेंद को टिम सिफर्ट ने पहले पुल करने की सोची थी। हालांकि, भारतीय गेंदबाज ने यह गेंद बिल्कुल स्टम्प पर निशाना साधकर फेंकी। सिफर्ट के पास सिर्फ गेंद पर बल्ला अड़ाने के अलावा कोई चारा नहीं था। गेंद सिफर्ट के बल्ले का बाहरी किनारा लेते हुई विकेट के पीछे महेंद्र सिंह धोनी के हाथों में पहुंच गई। न्यूजीलैंड के खाते में सिर्फ 15 रन ही जुड़े थे।
  • दूसरा विकेट (5.2 ओवर) : क्रुणाल पंड्या की इस गेंद को ओपनर कॉलिन मुनरो ने कवर में सीधा खेला। हालांकि, वे गेंद को सही ऊंचाई नहीं दे पाए और रोहित शर्मा ने उनका कैच पकड़ने में कोई गलती नहीं की। इस समय टीम का स्कोर 41 रन था।
  • तीसरा विकेट (5.6 ओवर) : क्रुणाल की इस गेंद पर अंपायर ने डेरिल मिशेल को एलबीडब्ल्यू करार दे दिया। हालांकि, मिशेल इस फैसले से संतुष्ट नहीं हुए और उन्होंने रिव्यू लिया। हालांकि, डीआरएस में भी मैदानी अंपायर का फैसला ही सही साबित हुआ और मिशेल को पवेलियन लौटना पड़ा। वे अपने खाते में सिर्फ एक रन ही जोड़ पाए थे, जबकि टीम का स्कोर 43 रन था।
  • चौथा विकेट (7.5 ओवर) : टीम के खाते में सात रन ही और जुड़े थे कि कप्तान केन विलियम्सन 20 रन बनाकर आउट हो गए। उनका विकेट भी क्रुणाल ने लिया। क्रुणाल की इस गेंद को केन विलियम्सन ने पुल करने के लिए बल्ला उठाया, लेकिन वे चूक गए और गेंद उनकी दाहिने जांघ पर लगी। अंपायर ने उन्हें एलबीडब्ल्यू आउट दिया।
  • पांचवां विकेट (15.4 ओवर) : हार्दिक पंड्या की इस गेंद को कोलिन डी ग्रैंडहोम ने एक्सट्रा कवर की ओर खेला, लेकिन गेंद उनके बल्ले पर पूरी तरह से नहीं आई और टीम इंडिया की कमान संभाल रहे रोहित शर्मा ने उनका कैच पकड़ने में कोई गलती नहीं की। हालांकि, उन्होंने आउट होने से पहले रॉस टेलर के साथ मिलकर 47 गेंद पर 77 रन जोड़ डाले थे।
  • छठा विकेट (18.6 ओवर) : भुवनेश्वर की इस गेंद को लॉंग ऑन की ओर खेला और रन के लिए दौड़ पड़े। उन्होंने दूसरा रन लेने की भी कोशिश की, लेकिन विजय शंकर का थ्रो सीधा स्टम्प पर लगा। टेलर अंपायर के आउट देने से पहले ही पवेलियन की ओर लौट पड़े। इस समय टीम का स्कोर 153 रन था।

रोहित के पास विराट की बराबरी का मौका
रोहित की कप्तानी में भारत ने अब तक 13 टी-20 खेले हैं। इनमें से टीम इंडिया 11 को जीतने में सफल रही है, जबकि दो में उसे हार का सामना करना पड़ा है। भारतीय टीम अगर दूसरा टी-20 जीत जाती है तो बतौर कप्तान रोहित के लिए यह एक उपलब्धि होगी। वे विराट कोहली के बतौर कप्तान 12 टी-20 मैच जीतने के रिकॉर्ड की बराबरी कर लेंगे। विराट ने अब तक 20 टी-20 में टीम इंडिया की कमान संभाली है। इनमें से 7 मैच हारे और एक बेनतीजा रहा। टीम इंडिया ने धोनी की कप्तानी में सबसे ज्यादा 41 टी-20 जीते हैं।

दोनों टीमें इस प्रकार हैं :
भारत : रोहित शर्मा (कप्तान), महेंद्र सिंह धोनी (विकेटकीपर), शिखर धवन, विजय शंकर, ऋषभ पंत, दिनेश कार्तिक, हार्दिक पंड्या, युजवेंद्र चहल, भुवनेश्वर कुमार, क्रुणाल पंड्या, के. खलील अहमद।

न्यूजीलैंड : केन विलियम्सन (कप्तान), कॉलिन मुनरो, रॉस टेलर, टिप सिफर्ट (विकेटकीपर), कोलिन डी ग्रांडहोम, मिशेल सैंटनर, स्कॉट कुगेलजिन, डेरिल मिशेल, टिम साउदी, ईश सोढ़ी, लॉकी फर्ग्युसन।

  • रोहित शर्मा टी-20 के टॉप स्कोरर बने, सबसे ज्यादा बाउंड्री का रिकॉर्ड भी बनाया
  • न्यूजीलैंड ने दूसरे टी-20 में 20 ओवर में 8 विकेट पर 158 रन बनाए, खलील ने आखिरी गेंद पर साउदी को बोल्ड किया
  • भारत की ओर से क्रुणाल ने तीन और खलील ने दो विकेट लिए, भुवी-हार्दिक ने 1-1 खिलाड़ियों को पवेलियन भेजा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *