दान एवं सेवा कार्य सभी धर्मों का मूल आधार – राज्यपाल लालजी टंडन

Uncategorized प्रदेश



राज्यपाल श्री लालजी टंडन ने कहा है कि दान देना एवं पीड़ित मानवता की सेवा करना सभी धर्मों का मूल आधार है। सभी धर्मों में प्राणियों के कल्याण एवं उनके जीवन के सुरक्षा के लिये अनेक तरह के प्रकल्पों के माध्यम से दान एवं सेवा करने की परम्पराएं हैं। उन्होंने कहा कि दान एवं सेवा के कार्य हमेशा परोपकारी होकर निष्काम भाव से करना चाहिये।
राज्यपाल लालजी टंडन आज यहां एमवाय अस्पताल में लायंस अन्नम रक्षाम चेरिटेबल ट्रस्ट इंदौर द्वारा संचालित भोजन शाला के नवनिर्मित भवन के लोकार्पण समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। इस अवसर पर चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. विजयलक्ष्मी साधौ, उच्च शिक्षा मंत्री श्री जीतू पटवारी, स्वास्थ्य मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट तथा पूर्व लोकसभा अध्यक्ष श्रीमती सुमित्रा महाजन विशेष रूप से मौजूद थी।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए राज्यपाल लालजी टंडन ने कहा कि सेवा एवं दान के कार्यों से प्रेरणा लेना चाहिये। भारतीय संस्कृति में सेवा कार्यों को विशेष महत्व दिया गया है। हमारे यहां अन्न और गाय का दान सबसे बड़ा दान माना गया है। अन्न से जीवन की रक्षा होती है और गाय दान से जरूरतमंदों को आर्थिक साधन मिलते हैं। उन्होंने कहा कि दूसरों को लाभ और संतुष्टि मिले, ऐसे कार्यों से हमें भी आत्मिक सुख मिलता है, वहीं सेवा का कार्य है।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. विजयलक्ष्मी साधौ ने कहा कि मध्यप्रदेश में अंगदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य किये जा रहे हैं। अंगदान से जरूरतमंदों को नया जीवन मिल रहा है। राज्य शासन ने इसी वर्ष फरवरी महीने में अंगदान संबंधी एक्ट में संशोधन कर उसे और प्रभावी बनाया है। विगत समय में अंगदान के क्षेत्र में मध्यप्रदेश में हुए कार्यों के कारण प्रदेश को अंगदान अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन में देश में अव्वल स्थान प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार तेजी से किया जा रहा है। चिकित्सकों की कमी शीघ्र दूर की जायेगी।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए पूर्व लोकसभा अध्यक्ष श्रीमती सुमित्रा महाजन ने कहा कि दान एवं सेवा के संस्कार हमें अहिल्या माता से प्राप्त हुए हैं। अहिल्या माता ने दान एवं सेवा के संस्कार जन-जन में पहुंचाये हैं। इसका प्रतिफल है कि हमारे यहां की जनता सेवा कार्यों में स्वत: आगे आकर सक्रिय भागीदारी करती है।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि सेवा एवं दान का जीवन में महत्वपूर्ण स्थान है। हर व्यक्ति को सेवा एवं दान के प्रकल्पों से जुड़ना चाहिये। उन्होंने कहा कि शासकीय अस्पतालों में आने वाले जरूरतमंद मरीजों तथा उनके परिजनों के लिये सेवा के प्रकल्पों का विस्तार होना चाहिये। उन्होंने कहा कि एमवाय में लायंस क्लब द्वारा मरीजों और उनके परिजनों के लिये दोनों समय के भोजन की व्यवस्था हो तो और बेहतर रहेगा।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए उच्च शिक्षा मंत्री श्री जीतू पटवारी ने कहा कि ऐसा दान जिससे जीवों के प्राणों की रक्षा हो सके, उससे बड़ा कोई दान नहीं है। देना प्रकृति हमें रोज सिखाती है। प्रकृति से प्रेरणा लेकर नि:स्वार्थ भाव से समाज की भलाई के लिये कार्य करना चाहिये। कार्यक्रम के प्रारंभ में लायंस क्लब के सतीश भल्ला ने स्वागत भाषण दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *