खत्म हुआ पंजाब कांग्रेस का संकट, कैप्टन बोले- हाई कमान का फैसला हमें मंजूर

Uncategorized राजनीति

नई दिल्ली। पंजाब में कांग्रेस का संकट जल्द खत्म हो सकता है। पार्टी आलाकमान ने सुलह का फॉर्म्युला फाइनल कर लिया है। 10 जनपथ के करीबी सूत्रों के अनुसार आज ही सुलह के फॉर्म्युले का ऐलान भी हो सकता है। दिल्ली से लौटने के बाद नवजोत सिंह सिद्धू पंजाब कांग्रेस के नेताओं और विधायकों से ताबड़तोड़ मीटिंग करने में मशगूल हैं। वहीं, पंजाब में कांग्रेस के संकटमोचक हरीश रावत ने सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह से मुलाकात की है। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी के करीबी सूत्रों के मुताबिक सुलह के फॉर्म्युला के अनुसार मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के खिलाफ मोर्चा खोलने वाले नवजोत सिंह सिद्धू को पंजाब कांग्रेस का प्रमुख बनाया जाएगा। वहीं, अमरिंदर को संतुष्ट करने के लिए सिद्धू के साथ 4 कार्यकारी अध्यक्ष भी बनाए जाएंगे। कल तक सिद्धू को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने की अटकलों पर पार्टी आलाकमान को चेतावनी देने वाले कैप्टन अमरिंदर सिंह के तेवर अब ढीले पड़ते दिख रहे हैं। शनिवार दोपहर हरीश रावत सोनिया गांधी का संदेश लेकर पंजाब पहुंचे। उन्होंने मोहाली में कैप्टन के फार्महाउस पर उनसे मुलाकात की। इसके बाद हरीश रावत ने दावा किया कि पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी जो भी फैसला लेंगी वह मुख्यमंत्री समेत सबको स्वीकार होगा। शनिवार को यह दावा खुद उन्होंने नहीं किया है। हरीश रावत और कैप्टन के मीडिया सलाहकार ने उनके हवाले से यह दावा किया है। मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार रवीन ठुकराल ने कैप्टन के बयान को ट्वीट किया, हरीश रावत जी के साथ उपयोगी बैठक हुई। यह दोहराया गया कि कांग्रेस अध्यक्ष का फैसला सबको स्वीकार होगा। कुछ मुद्दे उठाए, जिनके बारे में रावत ने कहा कि इन्हें कांग्रेस अध्यक्ष तक पहुंचाया जाएगा। नवजोत सिंह सिद्धू एक दिन पहले ही दिल्ली में कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की थी। इस मुलाकात के बाद से ही उन्हें पंजाब में कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने की अटकलें तेज हो गई थीं। दिल्ली से लौटने के बाद सिद्धू शनिवार को खूब ऐक्टिव दिखें। उन्होंने पंचकूला में प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ से मुलाकात की जो आधे घंटे से ज्यादा वक्त तक चली। मुलाकात के बाद उन्होंने कहा कि वह अपने बड़े भाई का मार्गदर्शन लेने आए थे। सिद्धू ने पंजाब सरकार में मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा, बलबीर सिंह सिद्धू और पार्टी के वरिष्ठ नेता लाल सिंह से भी मुलाकात की। इसके अलावा वह विधायक बरिंदरमीत सिंह पहरा, अमरिंदर सिंह राजा वारिंग, कुलबीर सिंह जीरा और दविंदर सिंह घुबाया से भी मिले।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *