सात लाख से ज्यादा मिले नए कोरोना पॉजिटिव केस,विश्व में एक दिन में दस हजार कोरोना पीड़ितों की मौत

Uncategorized अंतरराष्ट्रीय

दुनिया में कोरोना महामारी का कहर थमता नहीं दिख रहा है। विश्व में बीते एक दिन के दौरान दस हजार से ज्यादा पीड़ितों की मौत हो गई। जबकि इस अवधि में सात लाख से ज्यादा नए कोरोना पॉजिटिव केस पाए गए। कई देशों में महामारी के फिर गहराने से संक्रमित लोगों की संख्या में वृद्धि दर्ज की जा रही है।

विश्व में कोरोना से अब तक 31 लाख 16 हजार से अधिक मौत

जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के डाटा के अनुसार, मंगलवार सुबह कोरोना पीड़ितों का वैश्विक आंकड़ा 14 करोड़ 75 लाख 33 हजार से अधिक हो गया। मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर 31 लाख 16 हजार 582 हो गई है। एक दिन पहले दुनिया में कोरोना मरीजों की संख्या 14 करोड़ 68 लाख 30 हजार से ज्यादा थी। जबकि मरने वालों का आंकड़ा 31 लाख छह हजार 384 था।

विश्व में कोरोना महामारी से सबसे ज्यादा प्रभावित अमेरिका

विश्व में कोरोना महामारी से सबसे ज्यादा प्रभावित अमेरिका में अब तक कुल तीन करोड़ 28 लाख 75 हजार से अधिक संक्रमित पाए गए और पांच लाख 86 हजार से ज्यादा की मौत हुई है। अमेरिका के बाद भारत और ब्राजील ऐसे देश हैं, जहां कोरोना मामलों का आंकड़ा एक करोड़ से अधिक है।

ईरान में मरने वालों की संख्या 70 हजार के पार 

ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में सोमवार को 496 मरीजों के दम तोड़ने से मरने वालों की संख्या 70 हजार के पार पहुंच गई है। इस दौरान 21 हजार से अधिक नए केस मिलने से कोरोना पीड़ितों का कुल आंकड़ा 24 लाख 17 हजार से ज्यादा हो गया है।

मेक्सिको के राष्ट्रपति ने कहा- तीसरी लहर के संकेत नहीं

मेक्सिको के राष्ट्रपति एंड्रेस मैनुएल लोपेज ओब्राडोर ने कहा कि उनके देश में कोरोना महामारी की तीसरी लहर के संकेत नहीं हैं। दो बार कोरोना के कहर का सामने करने वाले मेक्सिको में अब तक कुल 23 लाख 29 हजार से ज्यादा संक्रमित पाए गए हैं। दो लाख 15 हजार से अधिक की मौत हुई है।

तुर्की : देश में गुरुवार से 17 मई तक लॉकडाउन लगाने का निर्णय लिया गया है। 24 घंटे में 37 हजार नए संक्रमित पाए गए और 353 की मौत हो गई है।

थाइलैंड : देशभर में बीते 24 घंटे में 2,179 नए मामले पाए गए और 15 पीड़ितों की मौत हो गई। संक्रमण रोकने को बैंकाक में सख्त पाबंदियां लगी हैं।

श्रीलंका : देश में एक दिन में 997 नए पॉजिटिव केस मिलने से पीड़ितों की संख्या एक लाख दो हजार से ज्यादा हो गई। कुल 647 मौत हुई है।

रूस : 8,053 नए संक्रमित मिलने से पीड़ितों की संख्या 47 लाख 79 हजार हो गई। कुल एक लाख आठ हजार से अधिक पीड़ितों की जान गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *