भोपाल से भाजपा के प्रत्याशी शिवराज या नरेंद्र सिंह तोमर, मुरैना से बीडी शर्मा हो सकते हैं

Uncategorized राजनीति

लोकसभा चुनाव के लिए भोपाल संसदीय क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी का प्रत्याशी कौन होगा? इसका सस्पेंस जल्द खत्म हो जाएगा। भोपाल से भाजपा में अब दो नाम शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर पर दिल्ली में मंथन चल रहा है। एक-दो दिन में इस पर फैसला हो जाएगा। बताया जा रहा है कि अगर नरेंद्र सिंह तोमर को भोपाल से प्रत्याशी बनाया जाता है तो पार्टी बीडी शर्मा को मुरैना से उम्मीदवार घोषित करेगी। वहीं, शिवराज सिंह चुनाव लड़ेंगे या नहीं ये भी अभी तय नहीं है। राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह जल्द ही इस पर निर्णय लेंगे।

बताया जा रहा है कि शनिवार को भाजपा नेताओ में मध्य प्रदेश की बाकी बचीं सीटों पर उम्मीदवारों को लेकर दिल्ली में एक दौर की बातचीत हुई। इसके साथ लोकल उम्मीदवार की संभावनाओं पर भी प्रदेश संगठन से फीडबैक लिया गया। भोपाल के साथ विदिशा और इंदौर पर भी बात हुई। विदिशा में शिवराज सिंह चौहान की ओर रमाकांत भार्गव का नाम रखा गया। हालांकि पूर्व वित्तमंत्री राघव जी ने अपनी बेटी का नाम भी रखा है। इंदौर को लेकर कहा जा रहा है कि केंद्रीय नेतृत्व बाद में इस सीट पर प्रत्याशी का ऐलान करेगा। ग्वालियर में विवेक शेजवलकर के साथ नारायण सिंह कुशवाह का नाम भी चर्चा में है। 

भोपाल से चुनाव लड़ना चाहते थे बीडी शर्मा: भाजपा के वरिष्ठ नेता बीडी शर्मा भोपाल से चुनाव लड़ना चाहते थे। इसके लिए उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के समक्ष अपनी दावेदारी भी रखी। उनका नाम चर्चा में आने के बाद भोपाल के स्थानीय नेताओं ने नाराजगी जाहिर की। वर्तमान सांसद आलोक संजर और पूर्व मंत्री विश्वास सारंग ने भाजपा के वरिष्ठ नेता बाबूलाल गौर से मुलाकात की थी। इसके बाद बाबूलाल गौर ने कहा था कि ये बीडी शर्मा कौन हैं मैं नहीं जानता?

इसलिए मुरैना से चुनाव लड़ेंगे शर्मा: 2009 में मुरैना संसदीय क्षेत्र से नरेंद्र सिंह तोमर चुनाव जीते। 2014 में अनूप मिश्रा ने जीत दर्ज की। ग्वालियर चंबल संभाग में तोमर को ठाकुर और मिश्रा को ब्राह्मण नेता माना जाता है। इसी आधार बीते चुनावों में दोनों वर्गों के नेताओं ने चुनाव लड़ा था। यहां ब्राह्मण मतदाताओं की संख्या भी अच्छी खासी है। भाजपा ने वर्तमान सांसद अनूप मिश्रा को चुनाव मैदान में उतारने से मना कर दिया। ऐसे में बीडी शर्मा के ब्राह्मण होने की वजह से भाजपा नरेंद्र सिंह तोमर के भोपाल से चुनाव लड़ने की स्थिति में मुरैना से मैदान में उतार सकती है।   


शिवराज का दावा- हारेंगे दिग्विजय सिंह: पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दावा किया है कि भोपाल सीट से भाजपा को कोई भी कार्यकर्ता दिग्विजय सिंह को हरा देगा। वे ग्वालियर एयरपोर्ट पर मीडिया से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा यह बात नोट कर लो 23 तारिख को परिणाम आएगा और भाजपा जीतेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *