कोलकाता|
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को कोलकाता में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। अमित शाह ने कहा, जिस प्रकार से दीदी ने अल्पसंख्यक वोटरों से अपील की है कि एकजुट हो जाइए और टीएमसी के लिए वोट करिए, ये बताता है कि शायद उनके अल्पसंख्यक वोट भी धीरे-धीरे उनसे खिसक रहे हैं, कहीं और जा रहे हैं ये डर उनको सता रहा है। बंगाल की जनता आपके खिलाफ इसलिए है कि जो लाखों-करोड़ों शरणार्थी आए हैं, उनको नागरिकता देने का कानून CAA मोदी जी लेकर आएं, और आप CAA का विरोध कर रही हैं। बता दें, पश्चिम बंगाल विधानसभा की 294 सीटों के लिए मतदान चल रहा है। कुल 8 चरणों में वोट डाले जाने हैं। चौथे चरण का मतदान 10 अप्रैल को है।
अमित शाह ने कहा, भाजपा के कार्यकर्ताओं पर लगातार हमला होना, हमारे प्रदेश अध्यक्ष श्री दिलीप घोष पर विगत दो-तीन दिनों में हमला हुआ। इन हमलों के खिलाफ टीएमसी के एक भी नेता की टिप्पणी नहीं आई, ये लोग मौन इशारा कर रहे हैं कि आप हिंसा करिए। बंगाल में तीन चरण का चुनाव हो गया है। मैं सभी मतदाताओं को अपील करता हूं कि सुरक्षित बंगाल, विकसित बंगाल, सोनार बांग्ला के लिए बाकी के पांच चरणों में भाजपा के पक्ष में भारी मतदान करिए। बंगाल में भाजपा की सरकार बनने के बाद कलकत्ता, उत्तर बंगाल के विकास, बंगाल की संस्कृति के लिए और बंगाल के समग्र विकास के लिए हम क्या करेंगे इसका भी रोडमैप लेकर हम बंगाल की जनता के सामने आए हैं।









