डेढ़ मिनट में सदस्य बना रही कांग्रेस:इंदौर में एक हजार से ज्यादा डिजिटल सदस्य बनाए, अब पूरे प्रदेश में लागू होगा ये सिस्टम

राजनीति

इंदौर:प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में कांग्रेस ने डिजिटल सदस्यता अभियान शुरू किया है। यह अभियान अलग-अलग चरणों में 27 फरवरी तक चलेगा। कांग्रेस नेता घर-घर जाकर अपने मोबाइल से ही लोगों को कांग्रेस का सदस्य बना रहे हैं। इस सदस्यता अभियान के लिए एक ऑफिस में चार लोगों की टीम काम कर रही है। डिटेल लेने के बाद नए सदस्य को तुरंत PDF के रूप में उनका सदस्यता कार्ड ऑनलाइन भी भेज दिया जाता है। पहले दिन कांग्रेस ने करीब एक हजार सदस्य बनाए हें।

सदस्यता अभियान को डिजिटल के और डायरी दोनों तरह में संचालित किया जा रहा है। कांग्रेस नेताओं का मानना है कि डिजिटल रूप में काम जल्दी हो रहा है। उम्मीद है कि इससे ज्यादा सदस्य कांग्रेस के बनेंगे। कांग्रेस का दावा है कि यह देश का पहला डिजिटल सदस्यता अभियान है।

अलग-अलग चरण में 27 फरवरी तक चलेगा अभियान
मप्र कांग्रेस के सचिव राकेश यादव और दिलीप मेहता को डिजिटल अभियान का प्रभारी बनाया गया है। अभियान की शुरूआत 1 फरवरी से की गई है, जो पूरे इंदौर में चलाया जा रहा है। कांग्रेस नेता व मंडल अध्यक्ष अपनी टीम के साथ लोगों के घर जाकर उन्हें कांग्रेस का सदस्य बना रहे हैं। यह अभियान अलग-अलग चरणों में आगामी 27 फरवरी तक चलेगा। पहला चरण 1 से 7 फरवरी तक, दूसरा चरण 8 से 16 फरवरी तक, तीसरा चरण 17 से 25 फरवरी तक चलेगा। बाकी के चरण इसके बाद शुरू होंगे।

ऐसे बना रहे सदस्य
डिजिटल रूप में शुरू हुए इस अभियान में सदस्य बनाने के लिए संबंधित व्यक्ति का पूरा नाम, पता, आईडी, मोबाइल नंबर, साइन, फोटो आदि डिटेल लेकर तुरंत वॉट्सऐप के माध्यम से ही डिजिटल टीम को भेज दिया जाता है। सदस्य बनने के लिए 5 रुपए का शुल्क भी ऑनलाइन UPI के माध्यम से लिया जा रहा है। डिजिटल टीम तुरंत इस डिटेल के आधार पर संबंधित व्यक्ति की जानकारी फॉर्म में भरकर इसका प्रिंट भी निकाल लेती है। खास बात यह है कि संबंधित व्यक्ति को तैयार फॉर्म PDF के रूप में उनके मोबाइल पर ही सेंड कर दिया जाता है। जबकि प्रिंट आउट निकालकर उसे कांग्रेस के संबंधित कार्यालयों पर भेज दिया जाता है।

घर बैठे भी सदस्य बना सकती है कांग्रेस
इस अभियान में कांग्रेस घर बैठे भी सदस्य बना सकती है। कांग्रेस अपने वॉट्सएप ग्रुप पर मौजूद नंबरों पर फोन कर संबंधित व्यक्ति की डिटेल बुलाकर और 5 रुपए का शुल्क लेकर उन्हें सदस्य बना सकती है। इस डिजिटल सदस्यता अभियान से इंदौर में कांग्रेस नेताओं को काफी उम्मीदें हैं।

पूरे प्रदेश में लागू होगा यह पैटर्न
इंदौर में इस मॉडल के सक्सेस होने के साथ ही इसे प्रदेशभर में भी लागू किया जा सकता है। राकेश यादव का कहना है कि इस डिजिटल सदस्यता अभियान से कांग्रेस को काफी फायदा मिल रहा है। क्योंकि इससे एक ही घर के चार लोग भी सदस्य बन रहे हैं। कांग्रेस के पास सभी सदस्यों के मोबाइल नंबर का डेटा भी कलेक्ट हो रहा है। कांग्रेस द्वारा की जाने वाली गतिविधियों को मैसेज के माध्यम से तुरंत ही नए सदस्यों तक पहुंचाया जाएगा।

अभियान के साथ मतदाता सूची का निरीक्षण
इस अभियान के साथ ही कांग्रेस मतदाता सूची का निरीक्षण भी कर रही है। घर-घर जाकर सदस्य बनाने के साथ ही कांग्रेस को यह भी जानकारी मिल रही है कि संबंधित वार्ड में कितने मतदाता है। इसकी पूरी जानकारी कांग्रेस कार्यालय पर देने के साथ ही इंदौर कलेक्टर को भी दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *