श्रीनगर और गुलमर्ग में शून्य से नीचे पहुंचा तापमान, बर्फबारी का मजा लेने बड़ी संख्या में जुटे पर्यटक

प्रदेश व्यापार

श्रीनगर । कश्मीर में बारिश और बर्फबारी शुरू होने के साथ ही मौसम खुशनुमा हो गया है। बर्फबारी का लुत्फ उठाने के लिए बड़ी संख्या में लोग कश्मीर पहुंच रहे हैं। इस समय स्थानीय बाजार पर्यटकों से गुलजार होने लगे हैं। पर्यटन क्षेत्र से जुड़े लोग इससे खुश हैं, क्योंकि कोरोना के चलते लगे प्रतिबंधों की वजह से उनकी आजीविका बुरी तरह से प्रभावित हो गई थी। अब धीरे-धीरे हालात बदलने लगे हैं।
कश्मीर के इस समय के मौसम की बात करें तो न्यूनतम तापमान फिर से शून्य से नीचे दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने बुधवार से दो दिनों तक घाटी में बारिश की संभावना भी जताई है। वहीं गुलमर्ग में बर्फबारी ने सैलानियों के चेहरे पर खुशी ला दी है। अधिकारियों ने बताया उत्तर कश्मीर में बारामुला जिले के गुलमर्ग रिजॉर्ट में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि यह रिजॉर्ट, घाटी में सबसे ठंडा स्थान रहा। उन्होंने बताया कि श्रीनगर में सोमवार की रात शून्य से कम 1.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो बीती रात से चार डिग्री कम है। उन्होंने बताया कि वार्षिक अमरनाथ यात्रा के आधार शिविर पहलगाम में पारा पांच डिग्री से अधिक तक गिरकर शून्य से नीचे 4.8 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया।
उत्तर कश्मीर में कुपवाड़ा में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे एक डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। घाटी के प्रवेश द्वार माने जाने वाले काजीगुंड में न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि कोकेरनाग में शून्य से नीचे 1.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान विभाग ने बुधवार और बृहस्पतिवार को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या हिमपात की संभावना जताई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *