देश में दो दिन बाद चार लाख से नीचे आए नए मामले, पहली बार कोरोना से 4000 से ज्यादा मौतें

Uncategorized देश

नई दिल्ली।

देश में कोरोना महामारी की दूसरी लहर का कहर जारी है। 24 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में संक्रमण की दर 15 फीसद से अधिक है। इनमें सबसे ज्यादा गोवा में संक्रमण दर 48.5 फीसद है यानी वहां जितने लोगों की जांच की जा रही है, उनमें से करीब हर दूसरा व्यक्ति संक्रमित पाया जा रहा है। देश में कोरोना संक्रमण के चलते पहली बार एक दिन में चार हजार से अधिक लोगों की मौत हुई है।

24 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में संक्रमण की दर 15 फीसद से अधिक

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव आरती आहूजा ने कहा कि गोवा के साथ ही महाराष्ट्र, कर्नाटक, हरियाणा और बंगाल समेत 24 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कोरोना संक्रमण की दर 15 फीसद से अधिक है, जबकि नौ राज्यों में 5-15 फीसद संक्रमण दर है। तीन राज्यों में संक्रमण की दर पांच फीसद से कम है।

संक्रमण दर के मामले में हरियाणा दूसरे और तीसरे नंबर पर बंगाल

उन्होंने बताया कि संक्रमण दर के मामले में हरियाणा (36.1 फीसद) दूसरे नंबर पर है। तीसरे नंबर पर बंगाल है जहां संक्रमण दर 33.1 फीसद है। कर्नाटक, दिल्ली और राजस्थान में यह 29.9 फीसद और छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में संक्रमण दर 27.9 फीसद है। सबसे ज्यादा संक्रमितों वाले महाराष्ट्र में संक्रमण की दर 23.5 फीसद है।

12 राज्यों में एक लाख से ज्यादा सक्रिय केस

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि 12 राज्यों में एक लाख से ज्यादा सक्रिय मामले हैं। जबकि, सात राज्यों में 50 हजार से एक लाख के बीच सक्रिय मामले हैं। वैसे पूरे देश की बात करें तो सक्रिय मामलों का आंकड़ा 37 लाख को पार कर गया है।

दो दिन बाद चार लाख से नीचे आए नए मामले

राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से देर रात तक मिले आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटे में 4,007 लोगों की कोरोना के चलते मौत हुई है। पहली बार एक दिन में चार हजार से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। 3,89,394 नए मामले सामने आए हैं, इनमें झारखंड के मामले शामिल नहीं हैं। दो दिन बाद पहली बार चार लाख से कम मामले पाए गए हैं। इस दौरान 3,10,702 मरीज ठीक भी हुए हैं। कुल संक्रमितों का आंकड़ा दो करोड़ 18 लाख 74 हजार को पार कर गया है। इनमें से एक करोड़ 79 लाख से ज्यादा मरीज ठीक हो चुके हैं और 2,38,081 लोगों की जान भी जा चुकी है।

महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और दिल्ली में घटे मामले

पिछले कुछ दिनों की तुलना में बीते 24 घंटे के दौरान महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और दिल्ली में नए मामलों में कुछ कमी आई है। महाराष्ट्र में 54 हजार, उत्तर प्रदेश में 27 और दिल्ली में 19 हजार से ज्यादा नए मामले मिले हैं। इससे पहले महाराष्ट्र में 62 हजार, उत्तर प्रदेश में 31 हजार और दिल्ली में 20 हजार से ज्यादा नए केस पाए गए थे। अभी भी देश में सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में ही मरीज पाए जा रहे हैं। रोजाना सबसे ज्यादा मौतें भी महाराष्ट्र में ही हो रही हैं। शुक्रवार को 898 लोगों की जान गई। कर्नाटक में रिकॉर्ड 592 लोगों की मौत हुई है, जबकि उत्तर प्रदेश में 372, दिल्ली में 341, छत्तीसगढ़ में 208 और राजस्थान में 164 और लोगों की मौत हुई है।

गुरुवार को 18.26 लाख कोरोना टेस्ट

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आइसीएमआर) के मुताबिक कोरोना संक्रमण का पता लगाने के लिए गुरुवार को देश भर में 18,26,490 नमूनों की जांच की गई। इनको मिलाकर अब तक कुल 29 करोड़ 86 लाख से ज्यादा नमूनों का परीक्षण किया जा चुका है।

पूर्वोत्तर के राज्यों में फिर बढ़ने लगे मरीज

पूर्वोत्तर के राज्यों में एक बार फिर नए मामले बढ़ने लगे हैं। अरुणाचल प्रदेश में 222 और मिजोरम में 184 नए मामले पाए गए हैं। मिजोरम में संक्रमित पाए गए नए मरीजों में चार पुलिसकर्मी भी शामिल हैं, जो हाल ही में बंगाल से चुनावी ड्यूटी के बाद लौटे थे। राज्य में एक और व्यक्ति की मौत भी हुई है।

सर्वाधिक नए केस वाले राज्य

राज्य नए मामले कुल संक्रमित (लाख में)

महाराष्ट्र 62,194 49.42

कर्नाटक 49,058 17.90

केरल 42,464 17.86

उत्तर प्रदेश 26,622 14.25

तमिलनाडु 24,898 12.97

आंध्र प्रदेश 21,954 12.28

दिल्ली 19,133 12.73

बंगाल 18,431 9.35

राजस्थान 17,532 7.02

बिहार 15,126 5.53

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *