इंदौर ।
विजय नगर थाना पुलिस ने मानव तस्करी के आरोपित मुनीर उर्फ मुनीरउल को गिरफ्तार किया है। आरोपित बांग्लादेश से गरीब परिवार की लड़कियां खरीद कर इंदौर, सूरज और मुंबई जैसे बड़े शहरों के दलालों को सप्लाय करता था। एसआइटी उसकी 11 महीने से तलाश रही थी। एसपी आशुतोष बागरी ने 10 हजार का इनाम भी घोषित किया था। आरोपित इंटरनेट ऐप इमो पर दलालों से बात करता था। एएसपी(पूर्वी-2) राजेश रघुवंशी के मुताबिक पिछले वर्ष अक्टूबर में विजयनगर और लसूड़िया थाना पुलिस ने देहव्यापार के अड्डों पर छापे कर 15 से ज्यादा लड़कियां बरामद की थी। सागर उर्फ सैंडो सहित आफरीन, अमरीन व अन्य को गिरफ्तार किया लेकिन मुनीर फरार हो गया। एसआइटी को सूचना मिली थी कि मुनीर मुंबई व सूरत में देहव्यापार के अड्डे संचालित कर रहा है।
बुधवार को एसआइ प्रियंका शर्मा, प्रधान आरक्षक भरत बड़े, कुलदीप की टीम ने मुनीर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में बताया बांग्लादेशी दलाल लड़कियां अवैध तरीके से सीमा पार करवाकर पश्चिम बंगाल बुलवाता है। वाट्सएप ग्रुप पर फोटो शेयर कर मुंबई, सूरत व इंदौर के दलालों से सौदा तय करता था। पुलिस उससे अन्य एजेंट व खरीददारों के संबंध में पूछताछ कर रही है।









