कोरोना संक्रमण घटने के साथ भोपाल में विमान यात्रियों की संख्या बढ़ी

Uncategorized प्रदेश भोपाल मध्यप्रदेश

भोपाल ।

विमान यात्रा पर कोरोना का असर कम होने लगा है। भोपाल से उड़ानों की संख्या के साथ ही यात्रियों की संख्या भी बढ़ने लगी है। नागरिक उड्डयन विभाग ने अब एयरलाइंस कंपनियों को 50 के बजाय 65 फीसद उड़ानों के संचालन की अनुमति दे दी है। इस नियम के बाद यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।
कोरोना काल में राजधानी से हवाई यातायात 80 फीसद तक कम हो गया था। दो माह में कई ऐसे अवसर जाए जब 15 में से एक भी उड़ान का संचालन नहीं हुआ। यात्रियों की औसत संख्या भी ढाई हजार से घटकर मात्र पांच सौ रह गई थी। अब यह संख्या धीरे-धीरे बढ़ रही है। कुछ दिनों से यात्रियों की औसत संख्या 1600 तक पहुंच गई है। सोमवार को 804 यात्री भोपाल पहुंचे। 775 यात्री विभिन्न शहरों की ओर रवाना हुए।
उड़ानों की संख्या आठ तक पहुंची

कोरोना काल से पहले भोपाल से 15 जोड़ी उड़ानों का संचालन हो रहा था। अप्रैल-मई माह में प्रतिदिन दो से चार उड़ानें संचालित हो रही थी। अब धीरे-धीरे उड़ानें बढ़ रही हैं। वर्तमान में आठ जोड़ी उड़ानों का संचालन हो रहा है। भोपाल से दिल्ली एवं मुंबई के अलावा बंगलुरू, हैदराबाद, प्रयागराज एवं चैन्नई तक उड़ान उपलब्ध है। अगस्त माह में एयर इंडिया की पुणे उड़ान भी शुरू हो जाएगी। इंडिगो भी बंद हो चुकी उड़ानें शुरू करने की तैयारी हैं।

नए नियम से बढ़ेगा हवाई यातायात
नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने कोरोना संकट के कारण एयरलाइंस कंपनियों को 50 फीसद उड़ानों के संचालन की अनुमति दी थी। अब इसे बढ़ाकर 65 फीसद कर दिया गया। इस बदलाव के बाद भोपाल से बंद हो चुकी उड़ानें पुन: शुरू होने की उम्मीद बंधी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *