शहर के ट्रैफिक में सुधार के लिए इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम के अंतर्गत निगम द्वारा शहर के 50 प्रमुख चौराहों पर यातायात संकेत प्रणाली में सुधार करने की योजना बनाई गई। इसी क्रम में एकीकृत यातायात प्रबंधन प्रणाली (इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम) के अंतर्गत आज शहर के चिन्हित 14 प्रमुख चौराहों पर आईटीएमएस के माध्यम से इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर लाइव हो गया।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव एवं आयुक्त हर्षिका सिंह ने बताया कि देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर को ट्रैफिक मैनेजमेंट में भी नंबर वन बनाने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। स्मार्ट सिटी इंदौर द्वारा आधुनिक तकनीक से निर्मित इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) के प्रथम चरण का लाइव प्रसारण इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर (ICCC) पर किया गया। नागरिक सुरक्षा तथा बेहतर यातायात प्रबंधन के लिए पलासिया चौराहे पर इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम का महापौर पुष्यमित्र भार्गव द्वारा शुभारंभ किया। इस मौके पर महापौर पुष्यमित्र भार्गव द्वारा शहर के बेहतर यातायात प्रबंधन के लिए अपना महत्वपूर्ण योगदान देने वाले वालेंटियर्स ट्रैफिक मित्रों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सांसद शंकर लालवानी, कलेक्टर इलैया राजा टी, मकरंद देउस्कर सहित कई अधिकारी मौजूद थे।
पहले ही दे देंगे चेतावनी
महापौर पुष्यमित्र भार्गव एवं आयुक्त हर्षिका सिंह ने बताया कि इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम के अंतर्गत शहर के 50 चौराहों पर लगे यातायात संकेत अन्य दूसरे चौराहों से जुड़े रहेंगे तथा ट्रैफिक के हिसाब से यातायात संकेतक का कार्य करेंगे। जिसके अंतर्गत जिस रोड पर अधिक यातायात का दबाव रहेगा उस रोड के यातायात संकेतक स्वतः कार्य करते हुए सिग्नल का कार्य करेंगे।
जाम से मुक्ति मिलेगी
महापौर भार्गव ने बताया कि इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम में वाहनों को चौराहों पर कम समय के लिए रुकना होगा, जिससे समय के साथ ही ईंधन की भी बचत होगी। निगम द्वारा वायु प्रदूषण सुधार के लिए जो कार्य किया जा रहा है उसमें भी सहायता प्राप्त होगी। इस प्रणाली से ओव्हर स्पीड की भी जानकारी मिलेगी। यह पूरा सिस्टम इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल सिस्टम (आईसीसीसी) से जुड़ा हुआ रहेगा और वहीं से इसकी मॉनिटरिंग होगी।
इन चौराहों पर लगे इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट के स्मार्ट सिग्नल
स्कीम नंबर 78, सत्यसाई चौराहा, इण्डस्ट्री हाउस चौराहा, पलासिया चौराहा, गीता भवन चौराहा, नवलखा चौराहा, एमआर 9 चौराहा, रसोसा चौराहा, शिवाजी वाटिका चौराहा, एलआईजी चौराहा, इंदीरा प्रतिमा चौराहा, लेंटर्न चौराहा, हुकुमचंद घंटाघर चौराहा।
इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम के संबंध में अन्य जानकारी
1. इंदौर स्मार्ट सिटी अंतर्गत कार्यान्वित एटीएमएस प्रोजेक्ट में इंदौर शहर के मुख्य 50 जंक्शन को लिया गया है।
2. जिसमें 15 जंक्शन प्रथम चरण में तथा शेष 35 जंक्शन द्वितीय चरण में लिया जाना है।
3. प्रत्येक जंक्शन में अत्याधुनिक सिग्नल, कैमरा, पीए सिस्टम, कंट्रोलर, यूपीएस एवं पोल लगाया जा रहा है साथ ही एकीकृत प्रणाली का उपयोग करते हुए आईसीसीसी कंट्रोल रूम से सभी चौराहों को कंट्रोल किया जाना है।
4. जिसमें एडाप्टिव ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम भी शामिल है।
5. आईटीएमएस को एनआईसी पोर्टल के साथ इंटीग्रेटेड किया गया है जिससे ई-चालान की कार्यवाही ऑटोमेटिक की जा सकती है।
6. सभी चौराहों को पुलिस अमले द्वारा आईसीसीसी कंट्रोल रूम से ही ऑपरेट किया जा सकता है।
7. आइटम्स में रेड लाइट वायलेशन डिटेक्शन, नो हेलमेट डिटेक्शन, रॉन्ग साइड मूवमेंट डिटेक्शन, स्पीड वायलेशन डिटेक्शन की सुविधा उपलब्ध है।









