इंदौर। जेल छूटने के बाद कालीचरण की विवादित भाषणबाजी लगातार जारी है. बुधवार को इंदौर में स्वराज यात्रा कार्यक्रम में पहुंचे कालीचरण ने फिर एक बार विवादित बयान दिया है. कालीचरण ने कहा जब तक राज्य में कट्टर हिंदूवादी विचारधारा का राजा राज्य नहीं करेगा. खरगोन की तरह हिंसा होती रहेगी. कालीचरण ने पीएम मोदी सीएम योगी, और गृह मंत्री अमित शाह को देश का कट्टर हिंदूवादी विचारधारा वाला नेता बताया हैं.
जलियांवाला बाग की याद में स्वराज यात्रा : 13 अप्रैल को जलियावाला हत्या कांड स्मृति दिवस पर इंदौर में स्वराज यात्रा निकाली गई. शहर के 75 स्थानों से निकालने वाली यह यात्रा बुधवार को चिमन बाग मैदान पहुंची. इस दौरान जलियांवाला बाग हत्याकांड के बारे में यहां पर मौजूद लोगों ने अपने विचार रखे. कार्यक्रम में कालीचरण के साथ हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति कुलदीप चंद अग्निहोत्री भी शामिल हुए.
चिमन बाग मैदान स्वराज यात्रा
राज्यों में हो कट्टर हिंदूवादी सोच का मुख्यमंत्री: स्वराज यात्रा कार्यक्रम में पहुंचे कालीचरण ने कहा देश में सिर्फ पीएम मोदी, यूपी के सीएम योगी, और गृह मंत्री अमित शाह कट्टर हिंदूवादी नेता हैं. अगर राज्य में कट्टर हिंदूवादी विचारधारा का राजा राज्य नहीं करेगा तो खरगोन जैसी हिंसा हर राज्य में होगी. इस तरह की हिंसा से बचने के लिए दूसरे राज्यों में भी कट्टर हिंदूवादी सोच का मुख्यमंत्री होना चाहिए.
कालीचरण का कांग्रेस पर निशाना : कालीचरण ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कांग्रेस को हार का डर है. इस वजह से कांग्रेसी नेता भ्रम और लोगों के बीच डर फैला रहे हैं. साथ ही अपने पूर्व के बयान को दोहराते हुए उन्होंने कहा कि, महात्मा गांधी को लेकर जो बयान दिया था. उस पर वे हमेशा अडिग रहेंगे. तलवार लहराने वाले वीडियो के सवाल पर कहा तलवार किसी ने भेंट की थी इस दौरान हाथ में ली थी .









