नई दिल्ली। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता और किसान आंदोलन का मुख्य चेहरा रहे राकेश टिकैत ने गुरुवार को किसान दिवस के अवसर पर कहा कि किसानों के हितों की रक्षा के लिए उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा और गांवों के विकास के रास्ते से ही देश का विकास हो सकता है।टिकैत ने सोशल नेटवर्किंग प्लैटफॉर्म ट्विटर और ‘कू’ पर किसान दिवस के मौके पर पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को याद किया। उन्होंने कहा कि संघर्ष अनवरत जारी रहेगा। उन्होंने इसके साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री चरण सिंह के इस कथन को भी उल्लेख किया जिसमें दिवंगत नेता ने कहा था कि देश के विकास का रास्ता गांवों से ही होकर गुजरता है।
टिकैत ने इस पोस्ट के जरिये दिल्ली स्थित स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह की समाधि किसान घाट पर श्रद्धांजलि देते हुए कुछ तस्वीरें भी शेयर कीं। उन्होंने लिखा कि चौधरी चरण सिंह जी के सपनों के भारत का निर्माण करने के लिए हम कृतसंकल्प हैं। देश के कमेरों के हकों के लिए संघर्ष अनवरत जारी रहेगा। यही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।राष्ट्रीय किसान दिवस देश के पांचवें प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। चौधरी चरण सिंह 1979-1980 के बीच भारत के पांचवें प्रधानमंत्री रहे थे। उन्हें किसानों के नेता के रूप में जाना जाता है।
भारतीय किसान यूनियन नेता टिकैत साहित कुल 40 किसान संगठनों के नेताओं ने तीन कृषि सुधार कानूनों के खिलाफ एक साल लंबा आंदोलन चलाया था। सरकार ने इन कानूनों को अब संसद के माध्यम से रद्द करा दिया है।









