भोपाल, मध्य प्रदेश में मंगलवार सुबह हुई बस दुर्घटना के कारण राज्य सरकार (Madhya Pradesh government) ने आज होने वाले एक कार्यक्रम को स्थगित कर दिया। दरअसल, यहां प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) के तहत एक लाख से अधिक मकानों का निर्माण हुआ है जिसका गृह प्रवेश किया जाना था और इसमें वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी शामिल होने वाले थे। सीधी बस दुर्घटना (Sidhi bus accident) के कारण आज सुबह 11 बजे मिंटो हॉल में आयोजित होने वाले गृह प्रवेश के कार्यक्रम को रद करने का ऐलान राज्य मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Chief Minister Shivraj Singh Chouhan) ने किया।
मुख्यमंत्री ने बयान जारी कर कहा कि आज हम बड़े उत्साह से 1 लाख 10 हजार घरों में गृह प्रवेश का कार्यक्रम संपन्न करने वाले थे लेकिन आज सुबह 8:00 बजे सीधी जिले केे बाणसागर की नहर में यात्रियों से भरी एक बस गिर गई जिसके कारण इसे स्थगित करने का फैसला किया है। दुर्घटना का शिकार हुई बस सीधी से सतना जा रही थी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 5 लाख के मुआवजे का ऐलान किया है।

मंगलवार सुबह सीधी जिले में पाटन गांव के करीब यात्रियों से भरी बस पुल से नीचे नहर में जा गिरी। शुरुआत की जानकारियों के अनुसार, करीब 50 लोग उस बस में सवार थे।









