पीएम मोदी और राहुल गांधी की सभा आज महाराष्ट्र में, हरियाणा में भाजपा जारी करेगी घोषणा पत्र

Uncategorized राजनीति

विधानसभा चुनावों को लेकर महाराष्ट्र और हरियाणा में राजनीतिक पार्टियों का प्रचार अभियान तेज हो चुका है। महाराष्ट्र में भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तो कांग्रेस की ओर से पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी जनसभाएं करेंगे। वहीं, दूसरी ओर हरियाणा में भाजपा रविवार को ही अपना घोषणापत्र जारी करेगी। रविवार को होने वाली भाजपा की रैली को लेकर पीएम मोदी ने ट्विटर पर लिखा कि महाराष्ट्र में चुनाव प्रचार करूंगा। जलगांव और सकोली में रैलियों को संबोधित करने के लिए उत्सुक हूं। एनडीए हमारे युवा और दूरदर्शी मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीसजी के नेतृत्व वाली सरकार के कामों के आधार पर लोगों के बीच जा रहा है। हम राज्य की सेवा करने के लिए पांच और साल मांगेंगे। 

लातूर और मुंबई में राहुल की रैली

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी रविवार को महाराष्ट्र में चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत करेंगे। रविवार को यहां उनकी तीन रैलियां है। दोपहर बाद लातूर के असुआ में कांग्रेस उम्मीदवार बसावरन एम. पाटिल के लिए होने वाली रैली को संबोधित करेंगे। उसके बाद शाम में मुंबई के चांदीवली में पार्टी उम्मीदवार नसीम खान और धारावी में वर्षा गायकवाड़ के लिए होने वाली जनसभाओं को संबोधित करेंगे। 

हरियाणा में भाजपा जारी करेगी घोषणा पत्र 

हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा घोषणा पत्र जारी करेगी। केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और पार्टी महासचिव और प्रदेश भाजपा प्रभारी डॉ. अनिल जैन की मौजूदगी में घोषणा पत्र जारी होगा। बताया जा रहा है कि भाजपा के घोषणा पत्र में हर वर्ग की जरुरतों का ध्यान रखा जा रहा है। 

मालूम हो कि कांग्रेस ने घोषणा पत्र में किसानों, सरकारी कर्मचारियों और महिलाओं से जुड़ी घोषणाएं की है। देखना दिलचस्प होगा कि भाजपा अपने घोषणा पत्र में इसका कैसे जवाब देगी। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *