द्रौपदी मुर्मू ने जीता राष्ट्रपति चुनाव, मोदी-नड्डा, शाह, राजनाथ ने मुलाकात कर दी बधाई

Uncategorized देश

नई दिल्ली : एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने 15वें राष्ट्रपति के लिए हुए चुनाव में बड़ी जीत दर्ज की. कुल 4754 मत पड़े जिसमें से द्रौपदी मुर्मू ने प्रथम वरीयता के 2824 मत हासिल किए, जबकि यशवंत सिन्हा को 1,877 मत मिले. 53 मत अवैध घोषित किए गए. इसके बाद आधिकारिक तौर पर द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति चुनाव में विजयी घोषित किया गया. हालांकि तीसरे राउंड में बढ़त के बाद से ही उन्हें बधाई देने का दौर शुरू हो गया था. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने द्रौपदी मुर्मू से उनके आवास पर मुलाकात की. निवर्तमान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उप राष्ट्रपति वैंकेया नायडू ने द्रौपदी मुर्मू को देश की नई राष्ट्रपति चुने जाने पर बधाई दी है. मुर्मू को आजादी के बाद भारत की पहली महिला आदिवासी राष्ट्रपति होने का गौरव प्राप्त होगा. साथ ही वह पहली ऐसी महिला राष्ट्रपति होंगी, जिन्होंने देश को आजादी मिलने के बाद जन्म लिया. यानी आजाद भारत में जन्म लेने वाली पहली राष्ट्रपति.
निर्वाचन अधिकारी और राज्यसभा के महासचिव पीसी मोदी ने कहा कि ‘राष्ट्रपति चुनाव परिणाम की घोषणा के साथ संपन्न हुआ. चुनाव में 4754 मत पड़े, जिसमें से 4701 वैध और 53 अमान्य घोषित हुए. कोटा (राष्ट्रपति चुने जाने वाले उम्मीदवार के लिए) 5,28,491 था. द्रौपदी मुर्मू ने 2824 प्रथम वरीयता वोट हासिल किए जिनकी वैल्यू 6,76,803 है.’ पीसी मोदी ने कहा कि ‘यशवंत सिन्हा को 1,877 प्रथम वरीयता के वोट मिले जिनका वोट मूल्य 3,80,177 है. चूंकि द्रौपदी मुर्मू द्वारा प्राप्त पहली वरीयता के वोट अपेक्षित कोटा से अधिक थे, मैं रिटर्निंग ऑफिसर के रूप में घोषणा करता हूं कि वह भारत के राष्ट्रपति पद के लिए चुनी गई हैं.’
पीएम मोदी ने कहा- भारत ने रचा इतिहास : पीएम मोदी ने ट्वीट किया ‘ भारत ने इतिहास रच दिया है. ऐसे समय में जब 1.3 अरब भारतीय आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं, पूर्वी भारत के एक सुदूर हिस्से में पैदा हुई एक आदिवासी समुदाय की भारत की बेटी को हमारा राष्ट्रपति चुना गया है! श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी को इस उपलब्धि पर बधाई.’

संघर्षों से भरा रहा है मुर्मू का जीवन : उन्होंने कहा कि ‘श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी का जीवन, उनके शुरुआती संघर्ष, उनकी समृद्ध सेवा और उनकी अनुकरणीय सफलता प्रत्येक भारतीय को प्रेरित करती है. वह हमारे नागरिकों, विशेष रूप से गरीबों, हाशिए पर और दलितों के लिए आशा की किरण बनकर उभरी हैं.’

तीसरे ट्वीट में उन्होंने कहा कि ‘श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी एक उत्कृष्ट विधायक और मंत्री रही हैं. झारखंड के राज्यपाल के रूप में उनका कार्यकाल शानदार रहा. मुझे विश्वास है कि वह एक उत्कृष्ट राष्ट्रपति होंगी जो आगे बढ़कर नेतृत्व करेंगी और भारत की विकास यात्रा को मजबूत करेंगी.’

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी ट्वीट कर बधाई दी है. नड्डा ने ट्वीट किया ‘द्रौपदी मुर्मू जी को देश के 15वें राष्ट्रपति के रूप में चुने जाने पर हार्दिक बधाई. जनजातीय समाज की महिला का राष्ट्रपति पद तक पहुंचना, देश के लिए स्वर्णिम क्षण हैं, मुझे विश्वास है कि आपके प्रशासनिक व सामाजिक कार्यो की दक्षता व अनुभव से राष्ट्र को अप्रतिम लाभ मिलेगा.’शाह बोले-सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर : गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया, ‘एक अति सामान्य जनजातीय परिवार से आने वाली NDA प्रत्याशी श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी का भारत का राष्ट्रपति चुना जाना पूरे देश के लिए अत्यंत गौरव का पल है, उन्हें बधाई देता हूं. यह विजय अन्त्योदय के संकल्प को चरितार्थ करने व जनजातीय समाज के सशक्तिकरण की दिशा में एक मील का पत्थर है.’

शाह ने कहा कि द्रौपदी मुर्मू जी जिन विषम परिस्थितियों से संघर्ष करते हुए आज देश के इस सर्वोच्च पद पर पहुंचीं हैं वो हमारे लोकतंत्र की अपार शक्ति को दर्शाता है. इतने संघर्षों के बाद भी उन्होंने जिस निःस्वार्थ भाव से खुद को देश व समाज की सेवा में समर्पित किया वो सभी के लिए प्रेरणीय है.उन्होंने कहा, ‘मोदी जी के नेतृत्व में NDA के सहयोगियों,अन्य राजनीतिक दलों व निर्दलीय जनप्रतिनिधियों का जनजातीय गौरव श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी के पक्ष में मतदान करने पर आभार व्यक्त करता हूं. मुझे विश्वास है कि भारत के 15वें राष्ट्रपति के रूप में मुर्मू जी का कार्यकाल देश को और गौरवान्वित करेगा.’यशवंत सिन्हा ने भी दी बधाई : वहीं, विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा ने द्रौपदी मुर्मू को जीत की बधाई दी है. सिन्हा ने ट्वीट कर कहा, ‘मैं राष्ट्रपति चुनाव 2022 में द्रौपदी मुर्मू को उनकी जीत पर बधाई देने में देश के नागरिकों के साथ शामिल होता हूं. भारत को उम्मीद है कि गणतंत्र के 15वें राष्ट्रपति के रूप में वह बिना किसी भय या पक्षपात के संविधान के संरक्षक के रूप में कार्य करेंगी. उन्होंने कहा कि हर भारतीय उम्मीदकरता है कि 15वें राष्ट्रपति के रूप में वह बिना किसी डर या पक्षपात के ‘संविधान के संरक्षक’ के रूप में कार्य करेंगी. सिन्हा ने एक बयान में विपक्षी दलों के नेताओं को इस चुनाव में उन्हें अपने उम्मीदवार के रूप में चुनने के लिए धन्यवाद दिया.
उन्होंने कहा, ‘मैं निर्वाचक मंडल (इलेक्टोरल कॉलेज) के सभी सदस्यों को भी धन्यवाद देता हूं जिन्होंने मुझे वोट दिया. मैंने विपक्षी दलों के प्रस्ताव को पूरी तरह से भगवद गीता में भगवान कृष्ण द्वारा दिये गये कर्म योग के उस उपदेश के आधार पर स्वीकार किया कि ‘फल की उम्मीद के बिना अपना कर्तव्य करते रहो.’ उन्होंने कहा, ‘मैंने अपने देश के प्रति अपने प्रेम के कारण अपना कर्तव्य पूरी ईमानदारी से निभाया है. मैंने अपने अभियान के दौरान जो मुद्दे उठाए थे, वे प्रासंगिक हैं.’ कांग्रेस नेता राहुल गांधी, बसपा प्रमुख मायावती ने भी द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति चुने जाने पर बधाई दी.राजनाथ सिंह ने दी बधाई : राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू की जीत के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उन्हें बधाई दी. उन्होंने ट्वीट किया, ‘राष्ट्रपति चुनाव में प्रभावी जीत दर्ज करने के लिए द्रौपदी मुर्मू जी को बधाई. वे गांव, गरीब, वंचितों के साथ-साथ झुग्गी-झोपड़ियों में भी लोक कल्याण के लिए सक्रिय रही हैं. आज वे उनके बीच से निकल कर सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुंची हैं. यह भारतीय लोकतंत्र की ताक़त का प्रमाण है.’ओम बिरला, अनुराग ठाकुर, शिवराज ने दी बधाई : लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भारत के 15वें राष्ट्रपति के रूप में चुने जाने पर NDA की द्रौपदी मुर्मू को बधाई दी है. मध्य प्रदेश CM शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट किया, ‘देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है. इस अवसर पर यह देश का सौभाग्य है कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में NDA ने कर्तव्यनिष्ठ समाजसेवी, समर्पित जनसेवी, अनुसूचित जनजाति वर्ग से आने वाली हमारी बहन द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया.’केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा, ‘जनजातीय क्षेत्र से शिक्षा प्राप्त कर एक राष्ट्रपति के पद तक आने की यात्रा बहुत कुछ कहती है. यह तभी संभव है जब देश आगे बढ़ रहा है. प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हर वर्ग को आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है. मुझे यकीन है कि वो एक सफल राष्ट्रपति होंगी.’ विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘NDA की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का 15 वें राष्ट्रपति के रूप में चुनाव एक प्रामाणिक और समावेशी भारत का उदाहरण है.’केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह ने कहा ‘द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति चुनाव में विजयी हुई हैं. पूरा देश जश्न मना रहा है. मैं उन्हें राष्ट्रपति चुने जाने पर बधाई देता हूं और शुभकामनाएं देता हूं.’ केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने ट्वीट किया, ‘मैं द्रौपदी मुर्मू को हृदय से अभिनंदन देता हूं. आज का दिन देश के लोकतंत्र के लिए एक बहुत महत्वपूर्ण दिन है. ये लोकतंत्र की शक्ति का नमूना है. जनजाति समाज से एक महिला को देश की राष्ट्रपति के रूप में चुने जाना हर भारतीय के लिए गर्व की बात है.’केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने ट्वीट किया ‘आज का दिन भारत के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों से लिखे जाने वाला दिन है. मैं द्रौपदी मुर्मू को हृदय की गहराइयों से बधाई देना चाहता हूं. PM नरेंद्र मोदी ने आज हमारे जनजातीय समाज को और देश के लोगों को गौरवान्वित किया है.’केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने ट्वीट किया ‘यह एक ऐतिहासिक क्षण है. पूरा देश इसे एक त्योहार के रूप में मना रहा है. आजादी का अमृत महोत्सव के अवसर पर देश ने एक जनजातीय महिला राष्ट्रपति को चुना है. मैं द्रौपदी मुर्मू को हार्दिक बधाई देता हूं. उनके नेतृत्व में एक नया इतिहास रचा जाएगा.’केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने कहा, ‘हमें बहुत खुशी है कि द्रौपदी मुर्मू आदिवासी समाज से आने वाली शिक्षित महिला हैं. पूरे देश में खुशी मनाई जा रही है. रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया की तरफ से मैं द्रौपदी मुर्मू को बहुत बधाई देता हूं.’यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट किया, ‘भारत के मा. राष्ट्रपति पद हेतु NDA की प्रत्याशी श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी को विराट और ऐतिहासिक विजय की हार्दिक बधाई. आपकी विजय ‘नए भारत’ के सर्वसमावेशी व सर्वस्पर्शी स्वरूप के प्रति अपार जन-विश्वास और ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ भाव की जीवंत तस्वीर है. भारत माता की जय.’
पुष्कर धामी ने दी बधाई : वहीं, उत्तराखंड CM पुष्कर धामी ने ट्वीट किया ‘मैं उनका(द्रौपदी मुर्मू) धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने एक बहुत ही सामान्य स्थिति में आदिवासी बहुल क्षेत्र से अपने जीवन की शुरूआत की. आज उन्हें राष्ट्रपति बनने का गौरव प्राप्त हुआ. मुर्मू जी के राष्ट्रपति बनने से लोकतंत्र में लोगों की आस्था और मजबूत हुई है.’विदेशों से भी बधाई का सिलसिला : नेपाल के प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा ने द्रौपदी मुर्मू को भारत की राष्ट्रपति चुने जाने पर बधाई दी है. उन्होंने ट्वीट किया, ‘मुझे विश्वास है कि नेपाल और भारत के बीच उत्कृष्ट द्विपक्षीय संबंध आने वाले दिनों में नई ऊंचाइयों को देखेंगे.’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *