मुख्यमंत्री ने जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान कई जनकल्याण योजनाओं की घोषणा किये

अलीराजपुर मध्यप्रदेश

आलीराजपुर :प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, बुधवार को जनदर्शन हेतु इंदौर संभाग के आलीराजपुर जिले के जोबट विधानसभा के कई ग्रामो में पहुंचे। इस दौरान उन्होने जोबट में आयोजित सभा के दौरान जनकल्याण की 70 करोड़ 30 लाख के 135 कार्यो का भूमिपूजन और लोकापर्ण किया। वहीं जनप्रतिनिधियों की मांग पर क्षेत्र विकास की कई योजनाओं की घोषणा भी की। इस दौरान उन्होने महिला स्वसहायता समूह के सम्मेलन में उपस्थित दीदीयों से भी चर्चा कर उनके प्रयासों को सराह एवं आश्वस्त किया कि उनके द्वारा उत्पादित वस्तुओं को देश-विदेश में विक्रय की व्यवस्था करवाई जायेगी।

मुख्यमंत्री ने की कार्यो की घोषणा

मुख्यमंत्री ने की इन कार्यो की घोषणा
• सभा के दौरान मुख्यमंत्री के द्वारा की गई घोषणा
• जोबट अस्पताल को सिविल में अस्पताल में परिवर्तित कर 100 बिस्तरीय बनाया जायेगा।
• जोबट में 5 करोड़ की लागत से स्टेडियम बनवाया जायेगा। इसमें तीरंदाजी प्रशिक्षण की विशेष व्यवस्था की जायेगी। जिससे कुमारी याना राठौर जैसी और प्रतिभाए आगे आकर अपना और देश का नाम रोशन कर सके।
• विधानसभा क्षेत्र में 3-3 करोड़ की लागत से 8 छात्रावास खोले जायेंगे।
• ग्राम उमरी में 28 एकड़ पर औद्योगिक पार्क की स्थापना की जायेगी। जिससे क्षेत्र में कल कारखाने संचालित हो सके।
• जोबट में आगले शिक्षा सत्र से पीजी महाविद्यालय भी प्रारंभ करवाया जायेगा। जिसमें साइंस के साथ – साथ अन्य विषयो की भी पढ़ाई होगी।
• जोबट नगर में नाला निर्माण हेतु 2 करोड की राशि दी जायेगी। वहीं क्षेत्र में 4 बैराज भी बनवाये जायेंगे।
• क्षेत्र में सीएम राइज स्कूल बनवाकर उसमें गणित, साइंस, अंग्रेजी के अच्छे शिक्षक नियुक्त किये जायेंगे। जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियो को और बेहतर शिक्षा मिल सके।
• जोबट की राष्ट्रीय तीरंदाज खिलाड़ी सुश्री याना राठौर को 2 लाख रूपये की राशि दी जायेगी।
• रोजगार मेले लगाकर लोगो को प्रायवेट सेक्टर में भी रोजगार दिलाया जायेगा।
• 1 लाख सरकारी पदों पर भर्ती प्रारंभ की जा रही है, साथ ही बैकलॉक के पद भी भरे जायेंगे।
• क्षेत्र में नर्मदा नदी से जिन क्षेत्रो में अभी पानी नहीं पहुंच पा रहा है वहॉ पर कपीलधारा कूप का निर्माण करवाकर किसानो को लाभान्वित किया जायेगा।
• प्रदेश में अविवादित नामांतरण-बटवारे के लिये सरकार ने फैसला कर लिया है कि आवेदन प्राप्त होने पर 30 दिनो में अनिवार्य रूप से उसका निराकरण करना होगा।

मुख्यमंत्री ने किया 7030.02 लाख के 135 कार्यो का भूमिपूजन एवं लोकार्पण

मुख्यमंत्री ने किया 7030.02 लाख के 135 कार्यो का भूमिपूजन एवं लोकार्पण
प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने बुधवार को अपने जोबट दौरे के दौरान 7030.02 लाख के 135 कार्यो का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इसमें 2960.68 लाख के 83 कार्यो का भूमिपूजन एवं 4069.34 लाख के 52 कार्यो का लोकार्पण सम्मिलित है। इन कार्यो में विधानसभा जोबट के 57 ग्रामों की नवीन आंगनवाड़ी भवनों का भूमिपूजन, 29 ग्रामों की सीसी रोड़ का लोकार्पण, 4 ग्रामों में 200 मेट्रिक क्षमता के गोदामों का भूमिपूजन, 6 ग्रामों की नल-जल योजना का भूमिपूजन, 5 ग्रामों में शाला भवन का लोकार्पण, 6 सामुदायिक भवनों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण, 7 ग्रामों में मध्यप्रदेश ग्रामीण सड़कों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण जैसे कार्य सम्मिलित है।

महिला सशक्तिकरण कार्यशाला के दौरान महिलाओं से किया संवाद

महिला सशक्तिकरण कार्यशाला के दौरान महिलाओं से किया संवाद
मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने जोबट में आयोजित महिला सशक्तिकरण कार्यशाला के दौरान बायरा ब्राण्ड बुक का विमोचन करते हुये स्व-सहायता समूह की महिलाओं से संवाद भी किया। इस दौरान उन्होने सुश्री गनबाई मौर्य, सुश्री ममताबाई, सुश्री रेलम बघेल, सुश्री शारदा चौहान से संवाद कर जाना कि उन्होने किस प्रकार आजीविका मिशन के माध्यम से अपने एवं अपने समूह के विकास की गाथा लिखी है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने इन सफल उद्यमी महिलाओं को विश्वास दिलाया कि बायरा ब्राण्ड के उत्पाद को राष्ट्रीय – अंर्तराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई जायेगी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बायरा ब्राण्ड बुक का विमोचन भी किया तथा निर्देशित किया कि इसकी हिन्दी प्रतियॉ भी बनवाई जाये। जिससे स्थानीय स्तर पर अन्य महिलाए भी इसे देखकर-पढकर अपने विकास की गाथा लिख सके। इस दौरान उन्होने उपस्थित अपार महिला समूहो से भी आव्हान किया कि वे भी आजीविका मिशन से जुढे। जिससे उनका एवं उनके क्षेत्र का विकास हो सके।
हमने ग्राम-ग्राम सड़के बिछाकर बिजली-पानी की व्यवस्था की है
जोबट में आयोजित विशाल सभा के दौरान मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने बताया कि उनकी सरकार विकास के कार्यो में विश्वास करती है। इसलिये ग्राम-ग्राम सड़को का जाल बिछाकर मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। अब ग्रामो में भी पर्याप्त बिजली उपलब्ध हो रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना गरीबो को पक्की छत उपलब्ध करा रही है, जो सर्वे से अभी भी छूटे हुये है। उनका सर्वेकर आवास प्लस की सूची में सम्मिलित किया जायेगा। जिससे उन्हें भी पक्का मकान मिल सके। इसी प्रकार जिन लोगो के पास अभी भी पात्रता पर्ची अभी नही है उन्हें भी पात्रता पर्ची बनवाकर दिलवाया जा रहा है। जिससे उन्हें भी राशन की दुकान से 1 रूपये किलो गेहूं, चावल, नमक के साथ – साथ प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री अन्न योजना से निःशुल्क 10 किलो राशन मिल सके। इस दौरान उन्होने जिला प्रशासन को भी निर्देशित किया कि गरीबो के राशन में जो गडबडी करता हुआ मिले, उसे छोड़ा नहीं जाये। पूरी पारदर्षिता से गरीबो को उचित मूल्य की दुकान से राशन मिले, यह सुनिश्चित किया जाये।
सभा के दौरान मुख्यमंत्री ने बताया कि यद्यपि राज्य में कोरोना पूरी तरह से नियंत्रण में है, किन्तु सावधानी रखना अत्यन्त जरूरी है। इसके लिये सभी लोगो को वैक्सीनेशन करवाना जरूरी है। इसके मददेनजर हमने प्रधानमंत्री जी के जन्मदिवस पर 17 सितम्बर को प्रदेश में वैक्सीनेशन महाअभियान चलायेंगे। इस दिन ऐसे लोग जिन्होने अभी तक वैक्सीनेशन का एक भी डोज नहीं लगवाया है, वे वैक्सीनेशन केन्द्रो पर पहुंचकर अपना वैक्सीनेशन अवश्य करवाये। इस दौरान उन्होने पार्टी कार्यकर्ताओं से भी आव्हान किया कि वे भी इस वैक्सीनेशन महाअभियान के दौरान लोगो को प्रोत्साहित कर टीकाकरण केन्द्रो तक भेजे। जिससे सम्पूर्ण प्रदेश के शत-प्रतिशत लोगो का वैक्सीनेशन हो सके।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को निर्देशित किया कि वे जोबट में नीट एवं जेईई परीक्षा के प्रशिक्षण की व्यवस्था करें, जिससे स्थानीय बच्चो को भी आगे बढ़ने का अवसर मिल सके। इस दौरान उन्होने आयुष्मान भारत योजना के कार्ड के लाभ बताते हुये सभी से आव्हान किया कि प्रत्येक पात्र का कार्ड बन जाये, यह सुनिश्चित किया जाये।
स्वच्छता एवं डेंगू जागरूकता रथ को किया रवाना
मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने जोबट में आयोजित सभा के पूर्व के स्वच्छता रथ एवं डेंगू जागरूकता रथ को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। तत्पश्चात उन्होने कन्याओं का पूजन कर कार्यक्रम की शुरूआत की। वहीं उन्होने सभा स्थल पर ही फल के पौधो का रोपण एवं बायरा ब्राण्ड प्रदर्षनी का भी अवलोकन किया। वहीं कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभान्वित भी किया।
प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की जोबट में आयोजित सभा के दौरान जिले के प्रभारी मंत्री राजवर्धनसिंह दत्तीगॉव, लोकसभा सासंद गुमानसिंह डामोर, इन्दौर के विधायक रमेश मेंदौला, भाजपा जिलाध्यक्ष वकीलसिंह, पूर्व विधायक माधोसिंह एवं नागरसिंह चौहान सहित संभाग एवं जिला स्तरीय शीर्ष प्रशासनिक अधिकारी, आजीविका मिशन की दीदीयॉ, स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीणजन उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *