इंदौर 02 अक्टूबर 2019
पूर्व मुख्यमंत्री श्री दिग्विजय सिंह और स्वास्थ्य मंत्री श्री तुलसी सिलावट ने आज मध्यभारत हिन्दी साहित्य समिति में जनसंपर्क विभाग द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधीजी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर लगायी गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस प्रदर्शनी में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जीवन दर्शन, इंदौर तथा मध्यप्रदेश के विभिन्न जगहों की यात्राओं आदि के चित्रों का प्रदर्शित किया गया। इसके अलावा मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ द्वारा लिये गये जनहितैषी निर्णयों और शासकीय योजनाओं और कार्यक्रमों के क्रियान्वयन तथा राज्य सरकार की उपलब्धियों पर आधारित चित्रों को भी प्रदर्शित किया गया। उन्होंने यहाँ पर प्रभात फेरी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और स्वयं भी पदयात्रा में शामिल हुए। पदयात्रा में ज़िले के प्रभारी तथा गृह मंत्री श्री बाला बच्चन, विधायक सुश्री उषा ठाकुर सहित अन्य जनप्रतिनिधि, संभागायुक्त श्री आकाश त्रिपाठी, कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जाटव, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती नेहा मीना सहित ज़िले के सभी वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी और नागरिक शामिल हुए।










