इंदौर : भू-माफिया चंपू, चिराग, नीलेश और हैप्पी धवन की जमानत निरस्त करवाने के लिए पुलिस ने भी कमर कस ली है। 15 मार्च को हाई कोर्ट में इन तीनों के मामले में सुनवाई होना है। इसके पहले पुलिस ने एक रिपोर्ट पेश की है। उसमें तीनों को हार्ड कोर क्रिमिनल बताते हुए लिखा कि ये सफेदपोश अपराधी हैं। इनके अपराध हत्या, दुष्कर्म के बराबर हैं, इनका समाज में घूमना ठीक नहीं है।
इनका जमानत पर रिहा होना न्याय के हिसाब से भी ठीक नहीं है, इसलिए इनकी जमानत निरस्त होना चाहिए। तीनों को नोटिस भी जारी किए हैं कि वे सुनवाई के दौरान कोर्ट में उपस्थित रहें। गौरतलब है कि हाई कोर्ट में भू-माफियाओं की कालिंदी गोल्ड, सैटेलाइट हिल्स और फोनिक्स देवकाॅन नामक कॉलोनियों के मामले में बुधवार को सुनवाई है। जिला प्रशासन ने इनके खिलाफ जो रिपोर्ट बनाई, उसमें लिखा है कि किसी भी भू-माफिया ने सेटलमेंट के लिए प्रशासन को सहयोग नहीं किया। इन्हें जमानत न मिले, कठोर कार्रवाई हो।









