मुख्यमंत्री चौहान के मुख्य आतिथ्य में होगा विशाल कार्यक्रम
मंत्रीद्वय सिलावट तथा सुश्री ठाकुर, कमिश्नर डॉ. शर्मा और पुलिस आयुक्त मिश्र ने की तैयारियों की समीक्षा
इंदौर : क्रांतिसूर्य जननायक टंट्या मामा की स्मृति में 4 दिसम्बर को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के मुख्य आतिथ्य में इंदौर के नेहरू स्टेडियम के विशाल मैदान में भव्य एवं एतिहासिक कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। कार्यक्रम में राज्य शासन के अनेक मंत्रीगण तथा अन्य जनप्रतिनिधि भी विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। इस कार्यक्रम के लिये सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। इन्हीं तैयारियों की समीक्षा को लेकर आज यहां जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री सुश्री उषा ठाकुर, संभागायुक्त डॉ. पवन कुमार शर्मा, पुलिस कमिश्नर हरिनारायणचारी मिश्र ने बैठक ली। बैठक में उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी अधिकारियों को बेहतर से बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
बैठक में सांसद श्री शंकर लालवानी, इंदौर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री जयपाल सिंह चावड़ा, कलेक्टर डॉ. इलैया राजा टी, विधायक श्री रमेश मेंदोला, पूर्व विधायक श्री राजेश सोनकर तथा श्री सुदर्शन गुप्ता, डॉ. निशांत खरे, श्री मधु वर्मा, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त श्री राजेश हिंगणकर सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधिगण मौजूद थे। बैठक में कार्यक्रम आयोजन के लिये की गई व्यवस्थाओं की बिन्दुवार समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान निर्देश दिये गये कि कार्यक्रम को भव्य और एतिहासिक रूप से आयोजित करने में कोई कसर नहीं रखी जाये। कार्यक्रम में आने वाले किसी भी व्यक्ति को परेशानी नहीं हो।
जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि क्रांतिसूर्य जननायक टंट्या मामा समाज के जननायक है, समाज के गौरव है, समाज की आस्था है, समाज का विश्वास एवं समाज का संकल्प है। उनके बलिदान दिवस पर इंदौर में एतिहासिक रूप से कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। इंदौर जो भी काम करता है अद्भुत करता है। कार्यक्रम के माध्यम से नया इतिहास रचा जायेगा। इंदौर में कार्यक्रम के लिये व्यापक व्यवस्थायें की गयी है। किसी को भी कोई परेशानी नहीं आने दी जायेगी।
संस्कृति मंत्री सुश्री उषा ठाकुर ने कहा कि क्रांतिसूर्य जननायक हमारे गौरव है। इनके अथक प्रयासों से देश को आजादी मिली है। शासन-प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता से उनके बलिदान दिवस को ऐतिहासिक रूप से मनाने में जुटा हुआ है। सभी आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित की गयी है।
कलेक्टर डॉ इलैयाराजा टी ने बताया कि यह राज्य स्तरीय कार्यक्रम है। क्रांतिसूर्य जननायक के बलिदान दिवस का कार्यक्रम भव्य एवं व्यापक होगा। सभी तैयारियां पूरी हो गयी है। सेक्टरवार बैठक व्यवस्था की गयी है। कार्यक्रम स्थल में 22 सेक्टर बनाये गये हैं। इन सेक्टरों में विभिन्न व्यवस्थाओं के लिये अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गयी है। कार्यक्रम में लगभग एक लाख लोगों के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम में चयनित हितग्राहियों को लाभान्वित किया जायेगा। साथ ही राज्य शासन की योजनाओं, कार्यक्रमों, अभियानों तथा उपलब्धियों पर केन्द्रीत प्रदर्शनी भी लगायी गयी है। परिवहन, पार्किंग, भोजन, पेयजल, आकस्मिक चिकित्सा व्यवस्था भी की गयी है। अग्निशमन की व्यवस्था भी की गयी है। जिले में नेहरू स्टेडियम के साथ ही पातालपानी और टंट्या मामा चौराहा (भंवरकुआ) में भी कार्यक्रम आयोजित किया गया है। बताया गया कि संभाग के अन्य जिलों से भी बड़ी संख्या में टंट्या मामा के अनुयायी शामिल होंगे।









