- कार्यक्रम के माध्यम से इंदौर जिले के लगभग 75 हजार से अधिक हितग्राही होंगे लाभान्वित — दी जायेगी 466 करोड़ रुपये की मदद
इन्दौर :राज्य शासन द्वारा दिये गये दिशा-निर्देशानुसार 27 अगस्त को प्रदेश व्यापी रोजगार दिवस का आयोजन किया जायेगा। इसके तहत स्वरोजगार योजनाओं के अंतर्गत लाभान्वित हितग्राहियों को ऋण स्वीकृत एवं वितरण कार्यक्रम आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की उपस्थिति में इंदौर में सुबह 10 बजे मुख्य कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके साथ ही प्रदेश के अन्य जिला मुख्यालयों में भी जिला स्तरीय कार्यक्रम होंगे। इंदौर जिले में इस कार्यक्रम के माध्यम से 75 हजार से अधिक हितग्राहियों को स्वरोजगार के लिये 466 करोड़ रूपये की मदद दी जायेगी। मुख्यमंत्री चौहान प्रतीक के रूप में चयनित हितग्राहियों को लाभ के प्रमाण-पत्र का वितरण करेंगे। साथ ही वे इंदौर के अलावा प्रदेश के चार जिलों अनूपपुर, शाजापुर, बड़वानी एवं छतरपुर के हितग्राहियों से वर्चुअली संवाद भी करेंगे।
माणिकबाग रोड़ स्थित अमरदास हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा करेंगे। इंदौर जिले के प्रभारी तथा गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट एवं संस्कृति मंत्री सुश्री उषा ठाकुर विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगी।









