इंदौर में सीएम ने करीब आठ माह पहले कलेक्टर ऑफिस से लालबाग के बीच लगने वाली सब्जी मंडी के लिए दुकानें अलॉट करने की बात कही थी। इधर शुक्रवार को नगर निगम की रिमूवल टीम ने यहां कार्रवाई कर दी। तीन घंटे से भी ज्यादा चली कार्रवाई में शाम तक पूरे इलाके को साफ किया गया। इस दौरान तीन थानों की टीम भी मौके पर मौजूद रही। पिछले दिनों यहां नगर निगम की टीम से सब्जी व्यापारियों ने विवाद भी किया था।
कमिश्नर प्रतिभा पाल के आदेश दिए थे कि कलेक्टर चौराहा से लालबाग पैलेस तक सड़क पर लगने वाली फल-सब्जी की दुकानें हटाई जाएं। उसे नवलखा के संवाद नगर के हॉकर्स जोन पर शिफ्ट करने की बात कही थी। लगातार समझाने के बाद भी जब यहां से व्यापारियों ने दुकानें नही हटाई तो करीब 12 रिमूवल टीम, 6 ट्राले, 10 जीप तथा लगभग 50 कर्मचारियों के साथ दुकानें हटाने की कार्रवाई की गई।
जिसने सामान नही हटाया उसकी गाड़ी सहित पूरा माल जब्त
नगर निगम के अधिकारियों ने यहां पहले स्वेच्छा से हटने को लेकर अनाउंसमेंट कराया था। जब दुकानदार नही हटे तो टीम ने यहां से करीब 6 टन फल सब्जी, 60 ठेले और 4 ऑटो रिक्शा, दो ट्राॅली रिक्शा नगर निगम ने जब्त कर उसे कंट्रोल रूम भेज दिया। सब्जी की दुकान लगाने वाले दुकानदारों ने हटाने को लेकर काफी विरोध किया। लेकिन निगम के अधिकारियों ने उनकी नही सुनी
सीएम के आदेश,लेकिन काफी दूर शिफ्ट कर दिया
यहां दुकान लगाने वाली अंजू ने बताया कि उनका घर महू नाका पर है। पश्चिम इलाके में व्यापार से जुडे़ हैं। उन्हें संवाद नगर शिफ्ट होने के लिए कहा जा रहा है। जबकि सीएम शिवराज सिंह चौहान ने दशहरा मैदान के प्रोग्राम में आने के दौरान आसपास की दुकानों के लिए मार्केट दिए जाने की बात कही थी।
नगर निगम की टीमें रहेंगी तैनात
कमिश्नर प्रतिभा पाल के मुताबिक उन्होंने यहां सुबह से एक टीम को तैनात रहने की बात कही है। उन्होंने सीधे तौर पर सामान जब्त करने के आदेश दिए हैं। वहीं उन्होंने निगम द्वारा एलॉट की गई दुकानों की व्यवस्था को ठीक बताया है। उनके मुताबिक यहां यातायात के साथ कई वीआईपी मूवमेंट रहते हैं। इसलिए दुकानें नही लगाई जा सकती।









