इंदौर:प्रमुख सचिव जनसम्पर्क शिव शेखर शुक्ला, आयुक्त जनसम्पर्क डॉ. सुदाम खाड़े और संचालक जनसम्पर्क आशुतोष प्रताप सिंह ने सहायक जनसम्पर्क अधिकारी के.पी.दांगी के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
प्रमुख सचिव जनसम्पर्क शुक्ला ने कहा कि विभाग ने एक कुशल अधिकारी को असमय खो दिया है। उन्होंने दिवंगत आत्मा को शांति और शोकाकुल परिवार को यह आघात सहन करने की शक्ति देने की ईश्वर से प्रार्थना की है। आयुक्त जनसम्पर्क डॉ. सुदाम खाड़े ने कहा कि दांगी एक होनहार जनसम्पर्क अधिकारी रहे। उन्होंने अपने सफल कार्य काल में अच्छे कार्यों से विभाग की छवि बनायी। संचालक जनसम्पर्क सिंह ने कहा कि दांगी एक कर्त्तव्यनिष्ठ जनसम्पर्क अधिकारी थे। आयुक्त एवं संचालक ने भी दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से शोकाकुल परिवार को इस गहन दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।
संचालनालय में हुई शोक सभा
सहायक जनसम्पर्क अधिकारी के.पी. दांगी की आज सुबह राजगढ़ जिले के ब्यावरा के पास सड़क दुर्घटना में निधन हो जाने पर जनसम्पर्क संचालनालय में शोक सभा आयोजित की गई। अपर संचालक सुरेश गुप्ता ने कहा कि दांगी एक कर्त्तव्यनिष्ठ अधिकारी थे। उन्होंने जनसम्पर्क विभाग में अपनी सेवाएँ वर्ष 1992 में सहायक सूचना अघिकारी के रूप में शुरू की थी। वर्तमान में वे जिला जनसम्पर्क कार्यालय गुना में सहायक जनसम्पर्क अधिकारी के रूप में पदस्थ थे। लगभग 30 वर्ष की शासकीय सेवा में उन्होंने एक सफल जनसम्पर्क अधिकारी के रूप में स्वयं की और विभाग की छवि बनायी। अपर सचिव डॉ. एच.एल. चौधरी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
संभागीय जनसम्पर्क कार्यालय,इंदौर में भी शोकसभा
कर्त्तव्यनिष्ठ और कुशल जनसम्पर्क अधिकारी के.पी.दांगी के आकस्मिक निधन पर संभागीय जनसम्पर्क कार्यालय, इंदौर में शोक सभा की गयी। इस शोकसभा में सभी अधिकारी-कर्मचारियों ने दिवंगत की आत्मा को शांति और शोकाकुल परिवार को इस गहन दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना कर दो मिनट का मौन भी रखा। संयुक्त संचालक जनसम्पर्क इंदौर डॉ. आर.आर. पटेल ने श्रद्धांजलि देते हुये कहा कि दांगी अपने कर्त्तव्यों के प्रति बेहद ईमानदार और जवाबदेह थे। उन्होंने हमेशा अपने कर्त्तव्यों का निर्वहन पूरी मेहनत और लगन के साथ किया। उनके निधन से विभाग को अपूर्णनीय क्षति हुई है।









