इंदौर।
विजयनगर थाना पुलिस ने तस्कर तीरू उर्फ शंकर को गैंग के चार सदस्यों को साथ गिरफ्तार कर लिया। तीरू नाबालिग लड़कियां और लड़कों को स्मैक, गांजा,चरस सप्लाय करता था। रुपयों के लिए लड़कियों से चोरी और लड़कों से वाहन चोरी करवाता था। छापा मारने पर उसकी पत्नी चांदनी पुलिसवालों पर खतरनाक कुत्ते छोड़ देती थी। पुलिस ने चांदनी को भी मदद के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।
टीआइ तहजीब काजी के मुताबिक आरोपित दीपक पुत्र संतोष निवासी मुमताज बाग कॉलोनी,राहुल पुत्र कालूराम,जैक गिलवर्ट पुत्र जान फ्रांसिस निवासी देवास नाका,सुमित पुत्र रमेश पंचोली निवासी देवासनाका,तीरु उर्फ शंकर पुत्र कैलाश निवासी वेलोसिटी के पीछे भूसामंडी में डकैती की साजिश कर रहे थे। एसआइ एसआइ प्रहलाद खंडाते,राजेंद्र रघुवंशी,सुरेश मिश्रा,अनिल कुशवाह,राजेश बग्गा ने दबिश देकर आरोपितों को गिरफ्तार किया और पिस्टल,चाकू व छह मोबाइल जब्त किए।
पूछताछ में बताया वाहन चोरी भी करते हैं। अलग अलग ठिकानों पर छापे मारकर पुलिस ने 6 बाइक भी बरामद कर ली। टीआइ के मुताबिक तीरू ड्रग सप्लाय करता है। देवासनाका,वेलो सिटी,कृष्णबाग,गुलाब बाग,मालवीयनगर,स्कीम-78,स्कीम-54,बापजीनगर,अनुरागनगर,निरंजनपुर के लड़के लड़कियों को नशा सप्लाय करता था। उसकी पत्नी चांदनी भी तस्करी में मदद करती थी। जब पुलिसवाले घर में छापा मारने जाते तो उन पर खतरनाक कुत्ते छोड़ देती थी।
चोरी-दुष्कर्म पीड़िताओं से मिला तीरू गैंग का सुराग
टीआइ के मुताबिक पिछले दिनों स्कीम-78 निवासी एक लड़की ने दुष्कर्म का केस दर्ज किया था। पीड़िता को नशे की लत लग चुकी थी। जब पूछताछ की तो बताया तीरू ही ड्रग्स सप्लाय करता है। कुछ दिनों पूर्व दो नाबालिगों को चोरी के आरोप में पकड़ा तो उन्होंने भी तीरू का नाम बताया। पुलिस ने उस पर निगरानी रखना शुरु कर दी। शुक्रवार को उसकी लोकेशन निकाली और साथियों के साथ दबोच लिया। आरोपित ने विजयनगर और खजराना क्षेत्र से गाड़ियां चुराना स्वीकारी है। उसने एक महिला और दो युवकों का भी नाम बताया है जो मादक पदार्थों की खरीद फरोख्त करते है।









