वड़ोदरा |
भारतीय क्रिकेट टीम के पांड्या बंधु हार्दिक और क्रुणाल फिर से कोविड-19 महामारी से जूझ रहे लोगों की मदद कर रहे हैं और संबंधित केंद्रों को आक्सीजन कॉन्सेंट्रेटर्स भेज रहे हैं। भारत की तरफ से वनडे और टी20 खेल चुके क्रुणाल और हार्दिक पांड्या ने ट्विटर के जरिए यह जानकारी साझा की।
क्रुणाल ने तस्वीर के साथ ट्वीट किया, ‘आक्सीजन कॉन्सेंट्रेटर्स की नई खेप को हर किसी के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थनाओं के साथ कोविड केंद्रों में भेजा जा रहा है।’ इस ट्वीट को हार्दिक ने भी ट्विटर पर शेयर किया। हार्दिक ने क्रुणाल के ट्वीट को शेयर करते हुए लिखा, मिलकर इस महामारी के खिलाफ जंग को जीता जा सकता है।
हार्दिक ने कहा, हम एक कठिन लड़ाई लड़ रहे हैं और मिलकर हम इसे जीत सकते हैं। इस महीने के शुरू में हार्दिक ने घोषणा की थी कि उनके भाई क्रुणाल सहित उनका पूरा परिवार देश के ग्रामीण क्षेत्रों में महामारी से लड़ने के लिए 200 आक्सीजन सांद्रक दान करेंगे।









