इंदौर में बड़ा गणपति से कृष्णपुरा तक सड़क चैड़ीकरण होना है, जिसको लेकर नगर निगम की टीम सोमवार की सुबह खजूरी बाजार में सेंट्रल लाइन बिछाने पहुंची। हालांकि यहां नगर निगम पर सेंट्रल लाइन डाले जाने के दौरान पक्षपात का आरोप लगाते हुए स्थानीय निवासी इकट्ठा हो गए और नगर निगम के अधिकारियों का घेराव कर दिया। इंदौर नगर पालिका निगम बड़ा गणपति से कृष्णपुरा तक सड़क चैड़ीकरण के लिए मुहिम शुरू करने जा रहा है, जिसको लेकर पूरे मार्ग पर सेंट्रल लाइन बिछाने का काम जारी है। सोमवार को नगर निगम का अमला खजूरी बाजार पहुंचा। जहां सेंट्रल लाइन बिछाने का काम शुरू किया। हालांकि सेंट्रल लाइन डालने आई टीम को देखकर स्थानीय रहवासी और व्यापारी मौके पर पहुंच गए और नगर निगम की कार्यवाही की निष्पक्षता पर सवाल उठाए। रहवासियों ने आरोप लगाया कि कुछ प्रभावशाली लोगों के निर्माण बचाने के लिए नगर निगम सेंट्रल लाइन में छेड़छाड़ कर रहा है।
हालांकि विवाद को बढ़ता देख नगर निगम के अधिकारी बैकफुट पर दिखाई दिए। नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि अभी सिर्फ सेंट्रल लाइन ट्रायल के तौर पर डाली जा रही है और सभी दस्तावेजों को देखकर इसे अंतिम रूप दिया जाएगा। विवाद को बढ़ता देख नगर निगम की टीम खजुरी बाजार क्षेत्र से वापस लौट गई तो, दूसरी तरफ नगर निगम की निष्पक्षता पर सवाल उठाने वाले व्यापारी अब आंदोलन का मन भी बना रहे है।









