खुशियों की दास्ताँ
मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने लाभान्वित आवेदकों से किया ऑनलाइन संवाद
इंदौर 25 जनवरी 2020
इंदौर में जिला प्रशासन द्वारा आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत आज से मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ के हाथों प्रारंभ हुई द्वार प्रदाय सेवा के अन्तर्गत लाभान्वित मेहूल बंसल और श्री कैलाश ऐरन घर बैठे शासकीय दस्तावेज मूल निवासी का प्रमाण पत्र पाकर बेहद खुश हुए। इन लाभान्वित आवेदकों को आज घर पर ही मूल निवासी का प्रमाण पत्र डिलेवरी बॉय के माध्यम से पहुंचाया गया। इन्होंने कल दोपहर को ही ऑनलाइन आवेदन किया था। लाभान्वित आवेदकों से मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने ऑनलाइन चर्चा की। उन्होंने द्वार प्रदाय सेवा के अन्तर्गत प्रारंभ हुई घर पहुंच सेवा को ऑनलाइन भी देखा।
मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ से ऑनलाइन संवाद के दौरान स्कीम नंबर 71 गुमास्ता नगर निवासी मेहूल बंसल ने कहा कि मैंने कल दोपहर में आवेदन किया था। इतनी जल्दी मुझे अपना प्रमाण पत्र मिल जायेगा, यह विश्वास नहीं हो रहा है। मैं आश्चर्यचकित हूं। सरकार और जिला प्रशासन ने यह बहुत ही अच्छी सेवा प्रारंभ की है। इसके लिये उन्होंने मुख्यमंत्रीजी और प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। मेहूल बंसल ने कहा कि लग रहा है कि शासन कितनी तेजी से काम कर रहा है।
इसी तरह बीसीएम सिटी नवलखा क्षेत्र में रहने वाले श्री कैलाश ऐरन ने मुख्यमंत्रीजी से संवाद के दौरान अपनी खुशी जाहिर की। इनका कहना था कि यह बहुत ही अच्छी सेवा है। इससे जरूरतमंद लोगों को दस्तावेज और शासकीय सेवाएं प्राप्त करने में आसानी होगी। जनता को अधिक से अधिक लाभ मिलेगा।












