इंदौर और मालवा अंचल के जाने माने पत्रकार महेंद्र बापना का एक सड़क दुर्घटना में निधन हो गया। महेंद्र बापना करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में अपनी सक्रिय भूमिका निभा रहे थें। उनके निधन से पत्रकारिता जगत को अपूरणीय क्षति पहुंची है।
जानकारी के मुताबिक पिपल्याहाना चौराहे के पास एक तेज रफ्तार वाहन ने महेंद्र बापना की गाड़ी को टक्कर मार दी। इस हादसे ने वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद उन्हे तत्काल एमवाय अस्पताल लाया गया जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।बापना के अकस्मात निधन को लेकर कई राजनितिक हस्तियों ने गहरा शोक प्रकट किया।
लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन ने उनके निधन पर शोक प्रकट करते हुए कहा कि यह बहुत ही दुखद घटना है, बापना जी बेहद सक्रिय पत्रकार थे। उन्हें श्रेष्ठ पत्रकारिता के पुरस्कार भी मिले है। उनकी दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि और शोक, संतप्त परिवार को भगवान यह दुःख सहन करने की शक्ति दें। इसके अलावा मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भी ट्वीट कर महेंद्र बापना के निधन पर संवेदना प्रकट की। उन्होनें कहा कि इंदौर शहर के बेबाक और जुझारू पत्रकार महेंद्र बापना का एक वाहन दुर्घटना में दुखद निधन का समाचार बेहद स्तब्ध करने वाला है। परिवार के प्रति मेरी शोक संवेदनाएं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में व परिजनों को यह असहनीय दुःख सहन करने का संबल प्रदान करे।










