स्पाइसजेट और इंडिगो ने जारी की एडवाइजरी
इस बीच, स्पाइसजेट और इंडिगो ने भी यात्रा संबंधी एडवाइजरी जारी की है। विमानन कंपनी स्पाइसजेट ने ट्वीट कर कहा कि सभी हवाई अड्डों पर सुरक्षा उपायों को बढ़ा दिया गया है। सुरक्षा उपायों के मद्देनजर यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे प्रस्थान से कम से कम 3 घंटे पहले हवाई अड्डे पर पहुंचें ताकि चेक-इन और बोर्डिंग प्रक्रिया सुचारू रूप से चल सके।
वहीं, इंडिगो ने भी ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। एयरलाइन ने ट्वीट कर यात्रियों से अपील की है कि इस असाधारण समय में सभी हवाई अड्डों पर सुरक्षा के कड़े उपाय किए जा रहे हैं। हम आपसे अनुरोध करते हैं कि सुरक्षा जांच और औपचारिकताओं के लिए अपनी यात्रा के लिए कुछ अतिरिक्त समय दें। हम आपकी समझदारी और सहयोग की सराहना करते हैं।
पाकिस्तानी वायुसेना का एक जेट तबाह
ऑपरेशन सिंदूर के तहत की गई भारतीय कार्रवाई से पाकिस्तान बौखला उठा है। सरहद पर बीते 36 घंटे में तेजी से हालात बदले हैं। पाकिस्तान जंग पर आमादा है। पाकिस्तान ने भारत के 15 शहरों में स्थित सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की कोशिश की, जिसे सेना ने नाकाम कर दिया। वहीं, अभी खबर आई है कि भारतीय वायु रक्षा बलों ने पठानकोट सेक्टर में पाकिस्तानी वायुसेना का एक जेट और नौशेरा सेक्टर में दो पाकिस्तानी ड्रोन को मार गिराया है।
रक्षा सूत्रों ने बताया कि भारतीय वायु रक्षा बलों ने पठानकोट सेक्टर में एक पाकिस्तानी वायुसेना के जेट को मार गिराया है। हालांकि इस बारे में अभी विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।
वहीं, रक्षा सूत्रों ने यह भी बताया कि जम्मू-कश्मीर के नौशेरा सेक्टर में भारतीय सेना की वायु रक्षा इकाइयों ने दो पाकिस्तानी ड्रोन को मार गिराया। सेक्टर में दोनों पक्षों के बीच भारी गोलाबारी हुई।

पठानकोट में भारत ने पाकिस्तान का जेट मार गिराया
पठानकोट में भारत ने पाकिस्तान का फाइटर जेट मार गिराया।
एयर इंडिया ने कहा कि यात्री सुचारू चेक-इन और बोर्डिंग सुनिश्चित करने के लिए निर्धारित प्रस्थान से कम से कम तीन घंटे पहले अपने संबंधित हवाई अड्डों पर पहुंचें। प्रस्थान से 75 मिनट पहले चेक-इन बंद हो जाता है। अकासा एयर ने भी यात्रियों के लिए सलाह जारी की है। ट्वीट में कहा गया है कि भारत भर के सभी हवाई अड्डों पर सुरक्षा उपायों में वृद्धि के कारण हम यात्रियों से अनुरोध करते हैं कि आप प्रस्थान से कम से कम तीन घंटे पहले हवाई अड्डे पर पहुंचें, ताकि एक सहज चेक-इन और बोर्डिंग हो सके। यात्री हवाई अड्डे में प्रवेश के लिए वैध सरकार द्वारा अनुमोदित फोटो पहचान दस्तावेज साथ लेकर चलें। आपके चेक-इन बैगेज के अलावा केवल सात किलोग्राम तक वजन वाले एक हैंडबैग की अनुमति होगी। नियामक दिशानिर्देशों के अनुसार सभी यात्रियों को बोर्डिंग से पहले द्वितीयक सुरक्षा जांच से गुजरना होगा।
अमित शाह ने बीएसएफ के महानिदेशक से की बात
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सीमा सुरक्षा बलों के महानिदेशकों से बात करके सीमा की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने एयरपोर्ट सुरक्षा के संबंध में सीआईएसएफ के महानिदेशक से भी बात की।
रक्षा मंत्रालय ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तानी ड्रोन और मिसाइलों द्वारा जम्मू, पठानकोट और उधमपुर में सैन्य स्टेशनों को निशाना बनाया गया। स्थापित मानक संचालन प्रक्रियाओं के अनुरूप क्षमताओं का उपयोग करके खतरों को तेजी से बेअसर कर दिया गया। किसी के हताहत होने या भौतिक नुकसान की सूचना नहीं मिली। भारत अपनी संप्रभुता की रक्षा करने और अपने लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
भारत की सीमा में लड़ाकू विमान के साथ घुसे पाकिस्तान के एक पायलट को सेना ने कब्जे में लिया।
एस जयशंकर ने इटली के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री से की बात
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने इटली के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री से एंटोनियो ताजानी से फोन पर बात की। उन्होंने कहा कि उन्होंने आतंकवाद का दृढ़ता से मुकाबला करने के लिए भारत की लक्षित और संतुलित प्रतिक्रिया पर चर्चा की। किसी भी वृद्धि पर कड़ी प्रतिक्रिया देखने को मिलेगी।
एस जयशंकर ने यूरोपीय यूनियन से की बात
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने यूरोपीय यूनियन से बात की है। उन्होंने बताया कि भारत ने अपनी कार्रवाइयों को लेकर संयम बरता है। हालांकि, किसी भी तरह की बढ़ोतरी का कड़ा जवाब दिया जाएगा।
सभी एयरपोर्ट पर अलर्ट, यात्रियों की होगी दोहरी जांच
नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो (बीसीएएस) ने देश भर के सभी एयरलाइनों और हवाई अड्डों को सुरक्षा उपाय बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। सभी हवाई अड्डों पर सभी यात्रियों की सेकेंडरी लैडर पॉइंट चेकिंग (एसएलपीसी) की जाएगी। टर्मिनल बिल्डिंग में आगंतुकों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। तदनुसार एयर मार्शल की तैनाती की जाएगी।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक भारत की वायु रक्षा प्रणाली ने पाकिस्तान के दो फाइटर जेट विमानों को मार गिराया।
अमेरिकी विदेश मंत्री ने एस जयशंकर से की बात
अमेरिकी विदेश विभाग की प्रवक्ता टैमी ब्रूस ने कहा कि विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर से बात की। सचिव ने तत्काल तनाव कम करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच सीधी बातचीत के लिए अमेरिकी समर्थन पर जोर दिया। विदेश मंत्री ने पहलगाम में हुए भयानक आतंकी हमले के लिए अपनी संवेदना दोहराई और आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत के साथ मिलकर काम करने की संयुक्त राज्य अमेरिका की प्रतिबद्धता की फिर से पुष्टि की।
जैसलमेर में भारतीय वायु रक्षा द्वारा पाकिस्तानी ड्रोन को रोका गया। विस्फोटों की आवाज गूंजी। आसमान में चमकती हुई रोशनी दिखी।
गुरदासपुर में भी बजे सायरन, मार गिराए ड्रोन
गुरदासपुर में भी सायरन बजे हैं। भारत ने जवाबी कार्रवाई में कई ड्रोन मार गिराए हैं।
राजस्थान के बॉर्डर से जुड़े पांच जिलों में स्कूल बंद
तनाव के बीच राजस्थान के बॉर्डर से जुड़े पांच इलाकों में शुक्रवार को स्कूल बंद रहेंगे।
पाकिस्तान ने जम्मू हवाई अड्डे को निशाना बनाने का प्रयास किया। सेना की जवाबी कार्रवाई शुरू हो गई है।
पाकिस्तान ने जम्मू में ड्रोन हमला किया है। भारतीय वायु सेना ने करारा जवाब दिया है।
जम्मू में ब्लैक आउट कर दिया है। यहां सायरन की आवाज गूंज रही है। यहां फायरिंग की आवाज भी सुनी गई है
बंगाल सरकार ने सभी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कीं
भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के मद्देनजर पश्चिम बंगाल सरकार ने अगले आदेश तक सभी राज्य सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। राज्य वित्त विभाग ने जारी आदेश में निर्णय के पीछे का कारण वर्तमान स्थिति बताया है। वित्त विभाग ने कहा कि आदेश राज्य सरकार के सभी श्रेणी के कर्मचारियों पर लागू होगा और यहां तक कि जिन लोगों को पहले छुट्टी मंजूर की गई थी, उन्हें भी अब वापस ड्यूटी पर आना होगा। अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि केवल चिकित्सा अवकाश पर रहने वाले कर्मचारियों को ही इस निर्देश से छूट दी जाएगी।

पाकिस्तान के कराची, लाहौर और सियालकोट एयरपोर्ट बंद
पाकिस्तान हवाई अड्डा प्राधिकरण ने कराची, लाहौर और सियालकोट हवाई अड्डे को बंद कर दिया है। डॉन न्यूज के मुताबिक प्राधिकरण ने कहा कि यात्री अपनी उड़ानों के संबंध में जानकारी के लिए अपनी एयरलाइन्स से संपर्क करें।
सेना प्रमुख ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से की मुलाकात
सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की है। बताया जा रहा है कि उन्होंने प्रधानमंत्री को ऑपरेशन सिंदूर और अब तक कार्रवाई की जानकारी दी है









