दक्षिण अफ्रीका को 7 रन से हराकर टीम इंडिया बनी वर्ल्ड चैंपियन,भारत ने जीता टी20 विश्व कप

भारत ने दूसरी बार टी20 विश्व कप का खिताब जीत लिया है। बारबाडोस में खेले गए फाइनल में टीम इंडिया ने दक्षिण अफ्रीका को रोमांचक मुकाबले में सात रन से हरा दिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर 176 रन बनाए थे। जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 169 रन बना सकी। इस जीत के साथ भारत ने 11 साल के आईसीसी ट्रॉफी के सूखे को खत्म कर दिया। भारत ने इससे पहले 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी जीती थी। वहीं, भारत ने 17 साल बाद टी20 विश्व कप जीता है। 13 साल बाद कोई विश्व कप जीता है। 2011 में भारत ने वनडे विश्व कप जीता था।

17वें ओवर में भारत ने मैच पलटा। 16 ओवर तक दक्षिण अफ्रीका ने चार विकेट पर 151 रन बना लिए थे। तब मिलर और क्लासेन क्रीज पर थे। आखिरी 24 गेंद में दक्षिण अफ्रीका को 26 रन चाहिए थे। इसके बाद 17वें ओवर में हार्दिक ने क्लासेन को आउट किया और मात्र चार रन दिए। 18वें ओवर में बुमराह ने यानसेन को आउट किया और दो रन दिए। 19वें ओवर में अर्शदीप ने चार रन दिए। आखिरी ओवर में दक्षिण अफ्रीका को 16 रन चाहिए थे। हार्दिक ने पहली ही गेंद पर मिलर को आउट किया। दूसरी गेंद पर रबाडा ने चार रन बटोरे। तीसरी गेंद पर रबाडा ने एक रन लिया। चौथी गेंद पर महाराज ने एक रन लिया। इसकी अगली गेंद वाइड रही। पांचवीं गेंद पर हार्दिक ने रबाडा को आउट किया। आखिरी गेंद पर एक रन आया और भारत ने सात रन से जीत हासिल की।

आखिरी ओवर बाकी
दक्षिण अफ्रीका को आखिरी छह गेंद में 16 रन की जरूरत है। मिलर और महाराज क्रीज पर हैं। 18वें ओवर में बुमराह ने दो रन और 19वें ओवर में अर्शदीप ने चार रन दिए और मैच में टीम इंडिया की वापसी कराई। आखिरी ओवर में हार्दिक पांड्या गेंदबाजी करते दिखेंगे।

दक्षिण अफ्रीका को छठा झटका
156 के स्कोर पर दक्षिण अफ्रीका को छठा झटका लगा। जसप्रीत बुमराह ने मार्को यानसेन को क्लीन बोल्ड किया। फिलहाल केशव महाराज और डेविड मिलर क्रीज पर हैं। दक्षिण अफ्रीका को दो ओवर में 20 रन की जरूरत है।

दक्षिण अफ्रीका को पांचवां झटका
17वें ओवर में 151 के स्कोर पर दक्षिण अफ्रीका को पांचवां झटका लगा। हार्दिक पांड्या ने हेनरिक क्लासेन को विकेटकीपर पंत के हाथों कैच कराया। उन्होंने मैच बदलने वाली 27 गेंद में 52 रन की पारी खेली। फिलहाल डेविड मिलर और मार्को यानसेन क्रीज पर हैं। दक्षिण अफ्रीका को अब 18 गेंद में 22 रन की जरूरत है।

कुलदीप की खराब गेंदबाजी
14 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका ने चार विकेट पर 123 रन बना लिए हैं। फिलहाल हेनरिक क्लासेन और डेविड मिलर क्रीज पर हैं। उन्हें 36 गेंद में 54 रन की जरूरत है। कुलदीप ने चार ओवर के स्पेल में 45 रन लुटाए। उन्हें कोई विकेट नहीं मिला।

दक्षिण अफ्रीका को चौथा झटका
13वें ओवर में 106 के स्कोर पर दक्षिण अफ्रीका को चौथा झटका लगा। अर्शदीप सिंह ने क्विंटन डिकॉक को कुलदीप के हाथों कैच कराया। डिकॉक ने 31 गेंद में चार चौके और एक छक्के की मदद से 39 रन की पारी खेली। फिलहाल हेनरिक क्लासेन और डेविड मिलर क्रीज पर हैं। 13 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर चार विकेट पर 109 रन है। उन्हें 42 गेंद में 68 रन की जरूरत है।

12 ओवर समाप्त
12 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका ने तीन विकेट पर 101 रन बना लिए हैं। अब उन्हें 48 गेंद में 76 रन की जरूरत है। फिलहाल हेनरिक क्लासेन और डिकॉक के बीच 30+ रन की साझेदारी हो चुकी है। भारत को हर हाल में विकेट की जरूरत है। कुलदीप यादव आज विकेट को तरस गए हैं।

11 ओवर समाप्त
11 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका ने तीन विकेट पर 93 रन बना लिए हैं। अब उन्हें 54 गेंद में 84 रन की जरूरत है। फिलहाल हेनरिक क्लासेन और डिकॉक के बीच 20+ रन की साझेदारी हो चुकी है। भारत को हर हाल में विकेट की जरूरत है।

10 ओवर का खेल समाप्त
10 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका ने तीन विकेट गंवाकर 81 रन बना लिए हैं। फिलहाल हेनरिक क्लासेन और क्विंटन डिकॉक क्रीज पर हैं। अब दक्षिण अफ्रीका को 60 गेंद में 96 रन की जरूरत है। वहीं, भारत को विकेट चाहिए। कुलदीप यादव की गेंदबाजी अच्छी नहीं रही है। उन्होंने दो ओवर में 23 रन लुटाए हैं।

अक्षर पटेल ने तोड़ी स्टब्स-डिकॉक की साझेदारी
70 रन के स्कोर पर द. अफ्रीका को तीसरा झटका लगा। अक्षर पटेल ने नौवें ओवर में ट्रिस्टन स्टब्स को बोल्ड किया। वह 21 गेंदों में 31 रन बनाकर आउट हुए। स्टब्स ने तीसरे विकेट के लिए डिकॉक के साथ 58 रनों की साझेदारी निभाई। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए हेनरिक क्लासेन उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए डिकॉक क्रीज पर मौजूद हैं।

आठ ओवर के बाद स्कोर 62/2
क्विंटन डिकॉक (28) और ट्रिस्टन स्टब्स (30) दमदार बल्लेबाजी करते नजर आ रहे हैं। दोनों के बीच 50 रनों की साझेदारी हो चुकी है। आठ ओवर के बाद टीम का स्कोर 68/2 है।

डिकॉक-स्टब्स ने संभाला
शुरुआती झटकों के बाद क्विंटन डिकॉक और स्टब्स ने दक्षिण अफ्रीका की पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने सधी हुई बल्लेबाजी करते हुए पावरप्ले समाप्त होने के बाद स्कोर दो विकेट पर 42 रन पहुंचा दिया है। डिकॉक 15 गेंदों पर 20 रन और स्टब्स 11 गेंदों पर 12 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।

अर्शदीप ने दिया दूसरा झटका
तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने तीसरे ओवर की तीसरी गेंद पर कप्तान एडेन मार्करम को आउट कर दिया। वह सिर्फ चार रन बना सके। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए ट्रिस्टन स्टब्स उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए क्विंटन डिकॉक क्रीज पर मौजूद हैं।

बुमराह ने द. अफ्रीका को दिया पहला झटका
बुमराह ने द. अफ्रीका को पहला झटका सात रन के स्कोर पर दिया। उन्होंने रीजा हेंड्रिक्स को पारी के दूसरे ओवर में बोल्ड कर दिया। वह सिर्फ चार रन बना सके। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए कप्तान एडेन मार्करम उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए क्विंटन डिकॉक क्रीज पर मौजूद हैं। दो ओवर के बाद टीम का स्कोर 11/1 है।

द. अफ्रीका की पारी शुरू
द. अफ्रीका की पारी शुरू हो चुकी है। सलामी बल्लेबाजी के लिए रीजा हेंड्रिक्स और क्विंटन डिकॉक क्रीज पर उतरे हैं। पारी का पहला ओवर अर्शदीप सिंह डाल रहे हैं।

भारत ने 20 ओवर में बनाया 176/7 का स्कोर

भारत ने 20 ओवर में विराट कोहली की 76 और अक्षर पटेल की 47 रनों की तूफानी पारी की बदौलत सात विकेट पर 176 रन बनाए हैं। अब जिम्मेदारी गेंदबाजों पर है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत दमदार हुई। विराट कोहली ने पारी के पहले ओवर में मार्को यानसेन के खिलाफ तीन चौके लगाए और स्कोर 15 रन पर पहुंचा दिया। दूसरे ओवर में रोहित शर्मा ने भी केशव महाराज के खिलाफ पारी के दूसरे ओवर में दो चौके लगाए। हालांकि, चौथी गेंद पर वह क्लासेन के हाथों कैच आउट हो गए। कप्तान पांच गेंदों में नौ रन बनाकर पवेलियन लौटे। 23 रन के स्कोर पर टीम को दूसरा झटका लगा। महाराज ने इस ओवर में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए ऋषभ पंत को भी क्विंटन डिकॉक के हाथों कैच आउट कराया। वह बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। इस मुकाबले में सूर्यकुमार यादव भी कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाए। वह सिर्फ तीन रन बना सके। रबाडा ने उन्हें क्लासेन के हाथों कैच कराया। 34 रनों के स्कोर पर तीन विकेट खो चुकी भारतीय टीम के लिए अक्षर पटेल संकटमोचक साबित हुए। उन्होंने विराट कोहली के साथ मोर्चा संभाला और भारत का स्कोर 100 रनों के पार पहुंचाया। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 72 रनों की साझेदारी हुई। इस मैच में अक्षर 31 गेंदों में 47 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें डिकॉक ने 14वें ओवर में रनआउट किया। इसके बाद छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए शिवम दुबे ने भी कोहली का साथ दिया और भारत का स्कोर 160 के पार पहुंचाया। इस मैच में किंग कोहली ने 48 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। टी20 विश्व कप 2024 में यह उनके बल्ले से निकला पहला पचासा है। वह 59 गेंदों में 76 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेलकर पवेलियन लौटे। उन्हें मार्को यानसेन ने 19वें ओवर में रबाडा के हाथों कैच आउट कराया। कोहली ने दुबे के साथ पांचवें विकेट के लिए 33 गेंदों में 57 रनों की साझेदारी निभाई। टीम को छठा झटका शिवम दुबे के रूप में लगा जो 27 रन बनाने में कामयाब हुए। वहीं, सातवां विकेट रवींद्र जडेजा के रूप में लगा। हार्दिक पांड्या पांच रन बनाकर नाबाद रहे। द. अफ्रीका के लिए महाराज और नॉर्त्जे ने दो-दो विकेट लिए जबकि यानसेन और रबाडा को एक-एक सफलता मिली।

भारत को लगा पांचवां झटका
भारत को पांचवां झटका विराट कोहली के रूप में लगा। वह 76 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें मार्को यानसेन ने 163 रन के स्कोर पर आउट किया। कोहली और दुबे के बीच पांचवें विकेट के लिए 50 से ज्यादा रनों की साझेदारी हुई।

कोहली ने 48 गेंदों में लगाया अर्धशतक
विराट कोहली ने 48 गेंदों में टी20 विश्व कप 2024 का अपना पहला अर्धशतक लगाया है। उनका साथ देने के लिए शिवम दुबे (21) क्रीज पर मौजूद हैं। 17 ओवर के बाद टीम का स्कोर 134/4 है।

भारत को लगा चौथा झटका
भारत को चौथा झटका अक्षर पटेल के रूप में लगा। उन्हें क्विंटन डिकॉक ने 14वें ओवर की तीसरी गेंद पर रन आउट किया। वह 31 गेंदों में 47 रन बनाने में कामयाब हुए। छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए शिवम दुबे उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए विराट कोहली (44) क्रीज पर मौजूद हैं। 14 ओवर के बाद स्कोर 108/4 है।

कोहली-अक्षर के बीच 50 से ज्यादा रनों की साझेदारी
विराट कोहली और अक्षर पटेल के बीच 50 से ज्यादा रनों की साझेदारी हो चुकी है। दोनों संभलकर बल्लेबाजी करते नजर आ रहे हैं। 12 ओवर के बाद भारत का स्कोर 93/3 है।

कोहली-अक्षर ने संभाला मोर्चा
पावरप्ले में तीन विकेट खो चुकी भारतीय टीम को अब विराट कोहली और अक्षर पटेल का सहारा है। दोनों ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मोर्चा संभाल लिया है। दोनों बल्लेबाज शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। नौ ओवर के बाद टीम का स्कोर 68/3 है।

पावरप्ले समाप्त हुआ, स्कोर 45/3
शुरुआती छह ओवरों में भारत ने तीन विकेट खो दिए। पहला विकेट केशव महाराज ने रोहित शर्मा (9) के रूप में लिया जो सिर्फ नौ रन बना सके। दूसरा झचका ऋषभ पंत (0) के रूप में लगा जिन्हें महाराज ने दूसरे ओवर की आखिरी गेंद पर क्विंटन डिकॉक के हाथों कैच कराया। वहीं, तीसरा विकेट रबाडा को मिला जिन्होंने सूर्यकुमार यादव (3) को क्लासेन के हाथों कैच कराया। फिलहाल क्रीज पर विराट कोहली (25) और अक्षर पटेल (8) डटे हुए हैं।

सूर्या तीन रन बनाकर आउट
भारत को तीसरा झटका 34 के स्कोर पर लगा। कागिसो रबाडा ने पांचवें ओवर की तीसरी गेंद पर उन्हें हेनरिक क्लासेन के हाथों कैच कराया। वह सिर्फ तीन रन बना सके। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए अक्षर पटेल उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए विराट कोहली (22) क्रीज पर मौजूद हैं। पांच ओवर के बाद टीम का स्कोर 40/3 है।

पंत बिना खाता खोले पवेलियन लौटे
भारत को दूसरा झटका भी केशव महाराज ने दिया। उन्होंने ऋषभ पंत को दूसरे ओवर की आखिरी गेंद पर क्विंटन डिकॉक के हाथों कैच आउट कराया। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए सूर्यकुमार यादव उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए विराट कोहली (15) क्रीज पर मौजूद हैं। दो ओवर के बाद स्कोर 23/2 है।

23 पर पहला विकेट गिरा
भारत को पहला झटका 23 रन के स्कोर पर लगा। केशव महाराज ने दूसरे ओवर की चौथी गेंद पर रोहित शर्मा (9) को हेनरिक क्लासेन के हाथों कैच कराया। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए ऋषभ पंत उतरे हैं।

विराट कोहली ने पहले ओवर में लगाए तीन चौके
फाइनल मैच में विराट कोहली दमदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। मार्को यानसेन के खिलाफ उन्होंने तीन चौके लगाए। एक ओवर के बाद भारत का स्कोर 15/0 है।

भारत की पारी शुरू
भारत की पारी शुरू हो चुकी है। सलामी बल्लेबाजी के कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली क्रीज पर मौजूद हैं। पारी का पहला ओवर मार्को यानयेन कर रहे गेंदबाजी।

दोनों टीमों की प्लेइंग 11 इस प्रकार है
भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), विराट कोहली, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह।

दक्षिण अफ्रीका: क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), रीजा हेंड्रिक्स, एडेन मार्करम (कप्तान), ट्रिस्टन स्टब्स, हेनरिक क्लासेन, डेविड मिलर, मार्को यानसेन, केशव महाराज, कागिसो रबाडा, एनरिक नॉर्त्जे, तबरेज शम्सी।

भारत ने जीता टॉस, चुनी बल्लेबाजी
फाइनल मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। कप्तान रोहित शर्मा ने इस मैच में प्लेइंग 11 में कोई बदलाव नहीं किया है। ऐसे में संजू सैमसन और यशस्वी जायसवाल को एक बार फिर बाहर बैठना पड़ेगा। वहीं, दक्षिण अफ्रीका भी बिना किसी बदलाव के उतरेगी।

  • सम्बंधित खबरे

    हाथरस में सत्संग बना श्मशान : ‘भोले बाबा’ के प्रवचन में जानिए कैसा हुआ हादसा, मौतों का जिम्मेदार कौन?

    हाथरस. उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में ‘भोले बाबा’ के सत्ससंग के दौरान बड़ा हादसा हो गया. हादसे में 134 लोगों की मौत हो गई है. हाथरस में 107 और…

    हाथरस सत्संग : भगदड़ के बाद बाबा फरार, तलाश में जुटी पुलिस, कार्यक्रम आयोजकों के खिलाफ भी होगी FIR

    हाथरस. उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में ‘भोले बाबा’ के सत्संग के दौरान श्रद्धालुओं में भगदड़ मच गई. भगदड़ मचने से हाहाकार मच गया. यहां लाशें बिछ गई. अब तक…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    व्यापार

    ग्लोबल इंडिया एआई शिखर सम्मेलन 3 जुलाई से नई दिल्ली में

    ग्लोबल इंडिया एआई शिखर सम्मेलन 3 जुलाई से नई दिल्ली में

    शेयर बाजार ने भरी उड़ान, 80000 के पार सेंसेक्स

    शेयर बाजार ने भरी उड़ान, 80000 के पार सेंसेक्स

    देश की प्रमुख टेलीकॉम कंपनी रिलायंस जियो ने 3 जुलाई से अपने प्रीपेड टैरिफ प्लान की कीमतें बढ़ाने का एलान कर दिया

    देश की प्रमुख टेलीकॉम कंपनी रिलायंस जियो ने 3 जुलाई से अपने प्रीपेड टैरिफ प्लान की कीमतें बढ़ाने का एलान कर दिया

    शेयर बाजार में कमजोर शुरुआत; सेंसेक्स 186 अंक टूटा, निफ्टी 23800 के पार

    शेयर बाजार में कमजोर शुरुआत; सेंसेक्स 186 अंक टूटा, निफ्टी 23800 के पार

    सेंसेक्स नए शिखर के साथ 78000 के करीब पहुंचा, निफ्टी 23700 से केवल 14 अंक दूर

    सेंसेक्स नए शिखर के साथ 78000 के करीब पहुंचा, निफ्टी 23700 से केवल 14 अंक दूर

    दूसरे दिन फिर उछला शेयर बाजार, जानिए सेंसेक्स और निफ्टी की चाल

    दूसरे दिन फिर उछला शेयर बाजार, जानिए सेंसेक्स और निफ्टी की चाल
    Translate »
    error: Content is protected !!