आईपीएल 2024 में रविवार को ‘सुपर संडे’ के दूसरे मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने मुंबई इंडियंस को 20 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ चेन्नई की टीम आठ अंकों के साथ अंक तालिका में दूसरे स्थान पर बनी हुई है। वहीं, मुंबई की टीम आठवें स्थान पर है। इस मैच में एंटरटेनमेंट का भरपूर डोज मिला। जहां एक तरफ महेंद्र सिंह धोनी ने लगातार तीन छक्के जड़े, वहीं दूसरी तरफ ‘मुंबई चा राजा’ नाम से मशहूर रोहित शर्मा ने नाबाद शतकीय पारी खेली। उन्होंने इस पारी के दौरान कई रिकॉर्ड भी बना दिए। हालांकि, वह अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके।
रोहित छक्कों के मामले में बादशाह
रोहित ने 63 गेंद में 11 चौके और पांच छक्के की मदद से 105 रन की पारी खेली। मैच के दौरान तीसरा छक्का लगाते ही उन्होंने टी20 क्रिकेट में 500 छक्के भी पूरे कर लिए। वह ऐसा करने वाले भारत के पहले और दुनिया के पांचवें खिलाड़ी बन गए। रोहित के फिलहाल टी20 क्रिकेट में 419 पारियों में 502 छक्के हैं। इनमें से उन्होंने 272 छक्के आईपीएल में लगाए हैं। उनसे पहले क्रिस गेल, कीरोन पोलार्ड, आंद्रे रसेल और कॉलिन मुनरो ऐसा कर चुके हैं। गेल के नाम 455 टी20 पारियों में 1056 छक्के थे।

मुंबई के लिए दो शतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी हैं रोहित
रोहित का यह आईपीएल में दूसरा शतक रहा। वहीं, वानखेड़े में आईपीएल में उन्होंने पहला शतक लगाया। इससे पहले 2012 में हिटमैन ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ ईडन गार्डेन्स में नाबाद 109 रन की पारी खेली थी। वहीं, यह मुंबई इंडियंस की ओर से यह आईपीएल में सातवां शतक रहा। रोहित मुंबई के एकमात्र बल्लेबाज हैं, जिन्होंने आईपीएल में एक से ज्यादा शतक लगाए हैं। उनके अलावा सनथ जयसूर्या, सचिन तेंदुलकर, लेंडल सिमंस और कैमरन ग्रीन एक-एक शतक लगा चुके हैं।
मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल शतक
| खिलाड़ी | खिलाफ | जगह | साल |
|---|---|---|---|
| सनथ जयसूर्या | CSK | मुंबई | 2008 |
| रोहित शर्मा | KKR | कोलकाता | 2012 |
| रोहित शर्मा | CSK | मुंबई | 2024 |
| सूर्यकुमार यादव | GT | मुंबई | 2023 |
| सचिन तेंदुलकर | KTK | मुंबई | 2011 |
| लेंडल सिमंस | PBKS | मोहाली | 2014 |
| कैमरन ग्रीन | SRH | मुंबई | 2023 |
ऐसा करने वाले रोहित तीसरे खिलाड़ी
हालांकि, रोहित की पारी मुंबई के काम नहीं आ सकी और टीम मैच हार गई। यह आईपीएल में तीसरी बार है जब किसी खिलाड़ी ने असफल रन-चेज में शतक जड़ा हो। इससे पहले 2010 में राजस्थान रॉयल्स से खेलने वाले यूसुफ पठान ने मुंबई के खिलाफ ब्रेबॉर्न स्टेडियम में 37 गेंद में 100 रन की पारी खेली थी। हालांकि, उनकी आरआर टीम मैच हार गई थी। वहीं, 2021 में राजस्थान रॉयल्स के ही संजू सैमसन ने पंजाब किंग्स के खिलाफ वानखेड़े में 63 गेंद में 119 रन की पारी खेली थी। संजू की भी टीम यह मैच हार गई थी। रोहित तीसरे खिलाड़ी हैं।
आईपीएल में असफल रन-चेज में शतक
| खिलाड़ी | टीम | खिलाफ | जगह | साल |
|---|---|---|---|---|
| संजू सैमसन | RR | PBKS | मुंबई | 2021 |
| रोहित शर्मा | MI | CSK | मुंबई | 2024 |
| यूसुफ पठान | RR | MI | मुंबई (ब्रेबोर्न) | 2010 |
पिछले छह मैचों में सीएसके की पांचवीं जीत
यह चेन्नई सुपर किंग्स की इस सीजन घर से बाहर पहली जीत रही। टीम अब तक अपने छह में से चार मैच जीत चुकी है और दो में उसे हार का सामना करना पड़ा है। वहीं, मुंबई की टीम छह में से चार मैच हार चुकी है और सिर्फ दो में जीत सकी है। आईपीएल 2021 के दूसरे लेग से लेकर अब तक चेन्नई की यह मुंबई पर पिछले छह मैचों में पांचवीं जीत है। आईपीएल 2021 के दूसरे लेग से पहले सीएसके ने एमआई के खिलाफ आठ में से सात मैच गंवाए थे।
पथिराना ने भी बनाया रिकॉर्ड
चेन्नई सुपर किंग्स के 21 साल के युवा तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना ने इस मैच में शानदार गेंदबाजी की और चार ओवर में 28 रन देकर चार विकेट झटके। वह सीएसके के लिए फोर विकेट हॉल यानी पारी में चार विकेट लेने वाले सबसे युवा तेज गेंदबाज बन गए। उनकी उम्र 21 साल 118 दिन है। इससे पहले यह रिकॉर्ड महीश तीक्ष्णा के नाम था। उन्होंने 2022 में आरसीबी के खिलाफ 33 रन देकर चार विकेट झटके थे। तब तीक्ष्णा की उम्र 21 साल 254 दिन थी।

आईपीएल में सीएसके के लिए 4 विकेट लेने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी
| खिलाड़ी | 4-विकेट हॉल | खिलाफ | जगह | साल |
|---|---|---|---|---|
| मथीशा पथिराना | 4/28 | MI | मुंबई | 2024 |
| महेश तीक्ष्णा | 4/33 | RCB | मुंबई | 2022 |
| लुंगी एनगिडी | 4/10 | PBKS | पुणे | 2018 |
| रवींद्र जडेजा | 5/16 | Deccan | विशाखापत्तनम | 2012 |









