बजट पेश करने से पहले पूरी बजट टीम के साथ दिखीं वित्त मंत्री
वित्त मंत्री ने वित्त मंत्रालय के अधिकारियों और बजट टीम के सदस्यों के साथ वित्त मंत्रालय के बाहर बजट के बही-खाते को दिखाया. उनके साथ वित्त राज्यमंत्री डॉ भागवत कराड और मुख्य आर्थिक सलाहकार वी अनंत नागेश्वरन भी मौजूद रहे.
पूर्व मुख्य आर्थिक सलाहकार ने कहा- भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत
आज केंद्रीय अंतरिम बजट के पेश होने से पहले, IMF के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर और भारत सरकार के पूर्व मुख्य आर्थिक सलाहकार केवी सुब्रमण्यम ने कहा कि यदि आप विकास दर को देखते हैं, तो आपको याद रखना चाहिए कि कोविड महामारी के दौरान कम लोगों ने इस पर भरोसा जताया था. हमने कहा था कि विकास दर 7 फीसदी से अधिक होगी और यही आंकड़ा आ चुका है. कोविड महामारी के दौरान हमने जो नीतियां अपनाईं, सप्लाई और डिमांड के बैलेंस होने से जरूरतमंदों को फायदा मिला. कैपिटल एक्सपेंडीचर में लगभग 3.5 फीसदी की बढ़ोतरी की गई है. इसलिए, भारत की अर्थव्यवस्था काफी मजबूत है और अच्छी स्थिति में है. आईएमएफ और अन्य इसे साफ रूप से देख सकते हैं.
अंतरिम बजट में रेलवे को मिल सकता है 25 फीसदी ज्यादा आवंटन
इस अंतरिम बजट में रेलवे को पिछली बार के बजट से 25 फीसदी ज्यादा आवंटन मिल सकता है. रेलवे का बजट जो पिछली बार 1.7 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का था इस बार ये करीब 3 लाख करोड़ रुपये को पार कर सकता है. इसके अलावा रेलवे के लिए नई ट्रेनों का ऐलान भी संभव है, हालांकि पिछले कुछ सालों से रेलवे बजट अलग से प्रस्तुत नहीं किया जा रहा है और इसे आम बजट के साथ ही पेश किया जाता रहा है.
वित्त मंत्रालय पहुंची वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण वित्त मंत्रालय पहुंच गई हैं और यहां से बजट की कॉपी लेकर कुछ समय के बाद राष्ट्रपति भवन के लिए रवाना होंगी. आज सुबह 11 बजे अंतरिम बजट पेश करेंगी.









