भोपाल। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में नए चेहरे को मुख्यमंत्री की कमान सौंपकर भाजपा ने सभी को चौंका दिया है। वहीं राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह के भाई लक्ष्मण सिंह भारतीय जनता पार्टी के मुख्यमंत्री फैसले के मुरीद हो गए। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने जमीन से जुड़े कार्यकर्ताओं को सीएम बनाकर एक नई परंपरा की शुरुआत की है। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस आलाकमान से कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सर्वोच्च पद देकर उनका मनोबल बढ़ाने की मांग की है।
दिग्गी के भाई व कांग्रेस के पूर्व विधायक लक्ष्मण सिंह ने सोशल मीडिया एक्स (X) पर पोस्ट शेयर किया। जिसमें उन्होंने लिखा- भाजपा ने जमीन से जुड़े कार्यकर्ताओं को मुख्य मंत्री बना कर एक नई परंपरा शुरू की है।कांग्रेस के कार्यकर्ता भी उम्मीद लगा कर बरसों से इंतजार कर रहे हैं,विपक्ष में उन्हें सर्वोच्च पद देकर उनका मनोबल बढ़ाया जा सकता है,जैसा खड़गे जी को नियुक्त किया है।आपको बता दें कि मध्य प्रदेश में डॉ मोहन यादव को मुख्यमंत्री तो वहीं जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ल को डिप्टी सीएम बनाया गया है। छत्तीसगढ़ में विष्णुदेव साय को सीएम तो वहीं अरुण साव और विजय शर्मा को उपमुख्यमंत्री की कमान सौंपी गई है। वहीं राजस्थान में भजन लाल शर्मा को सीएम तो दीया कुमारी और डॉक्टर प्रेमचंद बैरवा को डिप्टी सीएम की जिम्मेदारी सौंपी गई है।









