पश्चिम बंगाल में हिंसा के बीच पंचायत चुनाव में 73 हजार से अधिक सीटों पर मतदान शुरू हो गया है। मतदान को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। कलकत्ता हाईकोर्ट के आदेश के बाद पंचायत चुनाव के दौरान राज्य में केंद्रीय बलों की तैनाती की गई है। केंद्रीय बलों के करीब 83 हजार जवानों की मतदान केंद्रों पर तैनाती की गई है। केंद्रीय बलों के साथ 19 राज्यों की सशस्त्र पुलिस भी बंगाल में तैनात है, जिन्हें चुनाव के दौरान सुरक्षा का जिम्मा दिया गया है।पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने पंचायत चुनाव के बीच उत्तर 24 परगना जिले का दौरा किया। उन्होंने कहा कि मैं सुबह से ही फील्ड में हूं… लोगों ने मेरे काफिले को रोककर मुझसे बात की। उन्होंने, उनके आस-पास हो रही घटनाओं के बारे में बताया। लोगों ने बताया कि गुंडे उन्हें मतदान केंद्र तक नहीं जाने दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि आसपास हत्याएं हो रही हैं… ये चिंता का विषय है…चुनाव बैलेट बॉक्स से होना चाहिए, बुलेट से नहीं।
बंगाल हिंसा पर आया भाजपा नेता का बयान
भाजपा नेता राहुल सिन्हा ने कहा बंगाल में जारी हिंसा पर कहा कि जब चुनाव आयोग और राज्य सरकार मिलकर निर्णय ले लें कि सत्तारूढ़ टीएमसी चुनाव में लूट करें, तो अब जो हो रहा है वह हो रहा है। केंद्रीय बल यहां आए लेकिन उन्हें बूथों पर नहीं भेजा गया। ऐसी स्थिति बनाई गई कि पूरे चुनाव में लूट हो जाए… अभी तक 4 लोगों की मृत्यु हो गई है। एक तो TMC के अंदर ही लड़ाई है और दूसरा TMC के लोग बीजेपी और अन्य पार्टियों पर हमला कर रही है… हम इसे जनता का चुनाव नहीं कह सकते।
मतदान केंद्र पर उपद्रवियों ने देर रात किया हमला
कूच बिहार के सीताई में मतदान केंद्र में हुई तोड़फोड़ को लेकर प्रथम मतदान पदाधिकारी अशोक राय का बयान आया है। उन्होंने कहा कि कल रात 2 बजे एक दल के कुछ लोग आए और बैलेट बॉक्स में पानी डाला। इसके बाद सुबह 7 बजे एक अन्य दल के लोग आए और उन्होंने यहां पर तोड़फोड़ की।
भाजपा उम्मीदवार का आरोप- टीएमसी के गुंडों ने मुझ पर बम फेंका
पश्चिम बंगाल पंचायत चुनाव के दौरान कूचबिहार के फलीमारी ग्राम पंचायत में एक मतदान केंद्र पर गुंडों के हमले में भाजपा उम्मीदवार के पोलिंग एजेंट माधव विश्वास की मौत हो गई। घायल होने के बाद उम्मीदवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, बूथ पर मतदान रोक दिया गया है। उम्मीदवार माया बर्मन ने बताया, “टीएमसी के गुंडों ने मेरे एजेंट पर बम फेंका और उसे मार दिया। उन्होंने मुझ पर भी हमला किया।”उत्तर 24 परगना के कदंबगाची ग्राम पंचायत के पिरगाचा में निर्दलीय प्रत्याशी के बूथ एजेंट की कथित तौर पर हत्या के बाद गांव के लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क पर प्रदर्शन किया।
मुर्शीदाबाद के खारग्राम में 52 वर्षीय टीएमसी कार्यकर्ता सतेशुद्दीन शेख की हत्या के बाद से ही बवाल मचा है। शेख के शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है। इससे पहले कांग्रेस के एक कार्यकर्ता फूलचंद की पंचायत चुनाव के नामांकन के दौरान हिंसा में मौत हो गई थी।
उत्तर 24 परगना में बूथ एजेंट की हत्या के बाद बवाल
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना में कदंबगाची ग्राम पंचायत के पिरगाचा में निर्दलीय प्रत्याशी के बूथ एजेंट की कथित तौर पर हत्या के बाद गांव के लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क पर प्रदर्शन जारी हैं।
मेदिनीपुर में मतदान का बहिष्कार कर रहे वोटर्स
पश्चिम बंगाल पंचायत चुनाव में मेदिनीपुर जिले के नंदीग्राम के ब्लॉक 1 के रहने वाले लोगों ने मतदान का बहिष्कार किया है। इन लोगों की मांग है कि महम्मदपुर के बूथ नंबर 67-68 पर केंद्रीय बल तैनात किए जाएं। इसके बाद ही वे मतदान के लिए जाएंगे।
सीपीएम कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल बोस का काफिला रोका
पश्चिम बंगाल में पंचायत चुनाव के लिए मतदान हो रहे हैं। इस दौरान पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने उत्तर 24 परगना में मतदान केंद्रों का दौरा किया और मतदाताओं एवं उम्मीदवारों से बातचीत की। इस दौरान रास्ते में ही कुछ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीएम) के कार्यकर्ताओं ने उनके काफिले को रोक लिया। इसके बाद राज्यपाल ने उन सभी की चिंताओं को सुना।
मतदान के दौरान कूच बिहार के सीताई में हिंसा
पश्चिम बंगाल पंचायत चुनाव के लिए मतदान शुरू हो गए हैं। इस बीच कुछ अज्ञात उपद्रवियों ने कूच बिहार के सीताई में कथित तौर पर 6/130 बूथ, बरविटा प्राइमरी स्कूल में तोड़फोड़ की।
मुर्शीदाबाद में भिड़े टीएमसी-भाजपा कार्यकर्ता
पश्चिम बंगाल के मुर्शीदाबाद में पंचायत चुनाव के लिए मतदान शुरू हुआ। राज्य में कुल 63,229 ग्राम पंचायत सीटों पर मतदान हो रहा है। 9,730 पंचायत समिति सीटों और 928 ज़िला परिषद सीटों पर चुनाव हो रहा है। खबर है कि मतदान से पहले ही राज्य में मुर्शीदाबाद में टीएमसी-भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई हैं। इस हिंसा में कई लोगों के घायल होने की बात सामने आई है।
मतदान जारी, भाजपा उम्मीदवार का आरोप- टीएमसी के गुंडों ने मुझ पर बम फेंका
पश्चिम बंगाल में हिंसा के बीच पंचायत चुनाव में 73 हजार से अधिक सीटों पर मतदान शुरू हो गया है। मतदान को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। कलकत्ता हाईकोर्ट के आदेश के बाद पंचायत चुनाव के दौरान राज्य में केंद्रीय बलों की तैनाती की गई है। केंद्रीय बलों के करीब 83 हजार जवानों की मतदान केंद्रों पर तैनाती की गई है। केंद्रीय बलों के साथ 19 राज्यों की सशस्त्र पुलिस भी बंगाल में तैनात है, जिन्हें चुनाव के दौरान सुरक्षा का जिम्मा दिया गया है।









