देहरादून: अंकिता भंडारी के हत्यारों को जल्द से जल्द सजा मिल सके, इसके लिए एसआईटी की टीम तेजी से काम में जुटी हुई है. एसआईटी प्रभारी डीआईजी पी रेणुका देवी सोमवार को लक्ष्मणझूला थाने पहुंची. यहां उन्होंने जांच टीम के अधिकारियों के साथ लंबी बातचीत की. इसके बाद वो वारदात स्थल पर पहुंचे. साथ ही एसआईटी ने एम्स ऋषिकेश से पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट भी ले ली है, जिसे परिजनों को भी दिखा दिया गया है.
उनका कहना है कि फॉरेंसिक टीम पहले ही मौके का मुआयना कर चुकी है. घटना वाले दिन रिजॉर्ट में मेहमानों की सूची मिलने के बाद विस्तृत विवेचना की जा रही है. उनका कहना है कि सबूत हासिल करने के लिए आरोपियों का पुलिस रिमांड लेने की कार्रवाई की जा रही है.
वहीं सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक एसआईटी को कोर्ट में चार्जशीट एसआईटी दाखिल करने के लिए 30 दिनों को समय मिला है. हालांकि एसआईटी की कोशिश यही है कि वो 15 दिनों में जांच पूरी जल्द से जल्द से कोर्ट में चार्जशीट दाखिल करें.
सूत्रों ने दावा किया कि इस दौरान कुछ लोगों को भी उन्होंने पूछताछ के लिए तलब किया. आवश्यक जानकारी जुटाने के बाद उन्हें भेज दिया गया है. सूत्रों का दावा है कि एसआईटी प्रभारी अब जांच के साथ चार्जशीट तैयार करने को लेकर क्षेत्र में डेरा डाल चुकी हैं. दावा यह भी है कि न्यायालय से आरोपियों की पुलिस रिमांड के लिए टीम आवेदन कर सकती है. विवेचक राजेंद्र खोलिया ने बताया कि जल्द ही तफ्तीश पूरी कर जांच रिपोर्ट की जानकारी मीडिया से साझा की जाएगी.









