गुना। इंदौर के संदीप अग्रवाल की हत्या के मास्टरमाइंड रोहित सेठी को गुना जिला जेल से भोपाल सेंट्रल जेल भेज दिया गया। रविवार को कड़ी सुरक्षा में पुलिस टीम उसे भोपाल ले गई।

उल्लेखनीय है कि रोहित सेठी को करीब एक माह पहले ही ग्वालियर सेंट्रल जेल से गुना जिला जेल भेजा गया था। इसके लिए उसी ने आवेदन दिया था, लेकिन उसकी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और गैंगस्टरों से उसके संबंध देखते हुए गुना जेल अधीक्षक दिलीप सिंह ने जेल मुख्यालय को प्रस्ताव भेजा था कि रोहित को प्रदेश की किसी सेंट्रल जेल में रखा जाए। जेल डीजी ने इस प्रस्ताव को अनुमति देते हुए रोहित को गुना से भोपाल सेंट्रल जेल भेजने के आदेश जारी किए।
गुना डीआरपी लाइन के आरआई उपेंद्र सिंह यादव के मुताबिक रविवार की दोपहर एक एसआई, एक एएसआई, दो प्रधान आरक्षक और चार आरक्षकों के साथ रोहित को शासकीय वाहन से भोपाल सेंट्रल जेल भेज दिया गया।
भोपाल भेज दिया
हत्या के आरोपित रोहित सेठी को जेल मुख्यालय की ओर से भोपाल सेंट्रल जेल भेजा गया है। रविवार की दोपहर में उसे गुना से कड़ी सुरक्षा में भोपाल भेज दिया गया।
-दिलीप सिंह, जेल अधीक्षक, गुना









