भोपाल. मध्य प्रदेश में कमलनाथ कैबिनेट के वन मंत्री उमंग सिंघार और मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के बीच चल रहे विवाद की रिपोर्ट पार्टी हाईकमान सोनिया गांधी को सौंप दी गई है. सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, सोनिया गांधी इस पूरे मामले से नाराज हैं. इससे आने वाले दिनों में उमंग सिंघार की मुश्किलें बढ़ सकती हैं.
विधायकों और मंत्रियों ने सोनिया गांधी को पत्र लिखकर शिकायत की
उमंग सिंघार के खिलाफ कई विधायकों और मंत्रियों ने सोनिया गांधी को पत्र लिखकर शिकायत की है. शिकायती पत्र में कहा गया है कि उमंग सिंघार प्रदेश की सरकार को अस्थिर (Unstable) करना चाहते हैं. फिलहाल, सोनिया गांधी ने शिकायती पत्रों का हवाला देते हुए कमलनाथ से उनका पक्ष जाना है. सूत्रों की मानें तो सोनिया गांधी ने कमलनाथ से कहा है कि मामला पूरी तरह से साफ है फिर भी वह एक बार अनुशासन समिति से जांच करवा लें. इस पर सीएम कमलनाथ ने अनुशासन तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई करने की बात कही है.

उमंग सिंघार और मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के बीच चल रहे विवाद की रिपोर्ट पार्टी हाईकमान को सौंप दी गई है.
मंत्रिमंडल में फेरबदल की संभावना
सूत्रों की मानें तो सोनिया गांधी ने विवाद खत्म होने के बाद जल्द ही कमलनाथ मंत्रिमंडल में फेरबदल (Shuffling) करने की बात कही है. मालूम हो कि दिग्विजय सिंह दो दिन पहले ही सोनिया गांधी से मिलकर उनके सामने अपना पक्ष रख चुके हैं. दिग्विजय सिंह ने सोनिया गांधी के सामने मामले की जानकारी देते हुए कहा कि वो इस पूरे घटनाक्रम से बेहद आहत हैं.यह है पूरा मामला
पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने प्रदेश के सभी मंत्रियों को पत्र लिखा था. बाद में यह चिट्ठी वायरल हो गई. इसके बाद मंत्री उमंग सिंघार ने कहा था कि दिग्विजय सिंह को लेटर लिखने की कोई जरूरत नहीं है, क्योंकि पर्दे के पीछे से सरकार तो दिग्विजय सिंह ही चला रहे हैं. इसके बाद उन्होंने दिग्विजय सिंह पर कई आरोप लगाए थे









