दुनिया भर में आज क्रिसमस का त्योहार मनाया जा रहा है। हर कोई अपने परिवार से लेकर दोस्तों तक को इस खास दिन की बधाई दे रहा है और इस काम में बॉलीवुड के सितारे भी पीछे नहीं रहे हैं। बॉलीवुड इंडस्ट्री से जुड़े सितारे हर त्योहार को शानदार अंदाज में मनाते हैं और वह इन खास मौकों पर अपने फैंस को भी जरूर याद करते हैं। ऐसे में आज के दिन भी अमिताभ बच्चन, कटरीना कैफ, मलाइका अरोड़ा समेत कई सितारों ने अपने फैंस को याद किया और खास अंदाज में सभी को क्रिसमस की बधाई दी है। अमिताभ बच्चन ने देशवासियों को सांता बनकर क्रिसमस की बधाई दी है। अभिनेता ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक तस्वीर शेयर की, जिसमें वह सांता क्लोज के अवतार में नजर आ रहे हैं। इस तस्वीर में देखा जा सकता है कि अमिताभ ने सांता के चेहरे की जगह पर एडिटिंग की मदद से अपना चेहरा लगाया हुआ है। इस पर लिखा है, ‘मैरी क्रिसमस।’ इस तस्वीर के साथ अमिताभ बच्चन ने कैप्शन में लिखा है, ‘शांति, सद्भाव, सुरक्षा और प्यार।’ अमिताभ बच्चन के इस पोस्ट पर फैंस से लेकर सेलेब्स तक कमेंट कर रहे हैं।
सुष्मिता सेन ने भी अपने फैंस को क्रिसमस की खास अंदाज में शुभकामनाएं दी हैं। एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर अपने दो खूबसूरत तस्वीरें शेयर की हैं, जिसमें एक्ट्रेस के पीछे एक बड़ा सा रेनडियर नजर आ रहा है और वह उसके आगे हाथ फैला कर कैमरे के लिए पोज दे रही हैं। इन तस्वीरों के साथ सुष्मिता ने लिखा, ‘मेरी क्रिसमस आपके लिए प्यार, प्रकाश और आशा की कामना है… लाइफ की ब्लेसिंग्स पाने के लिए आप हमेशा अपनी दोनों भुजाओं को खुला रखें।’
मलाइका अरोड़ा ने अपने फैंस को क्रिसमस की शुभकामनाएं बेहद ही अनोखे अंदाज में दीं। उन्होंने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट की स्टोरी पर एक तस्वीर शेयर की, जिसमें वह सांता क्लोज बनी हुई हैं। इस तस्वीर में मलाइका के बाल सफेद है और उन्होंने सांता की टोपी पहनी हुई है। ये सारा कमाल मलाइका ने फोन के कैमरे इफेक्ट की मदद से किया है। इस तस्वीर के साथ मलाइका ने लिखा, ‘मैरी क्रिसमस।’









