भोपाल। किसान आंदोलन का केंद्र बनी राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सिंघू बॉर्डर पर एक व्यक्ति की बेरहमी के साथ हत्या करने वाले निहंग ग्रुप का नेता बाबा अमन सिंह का फोटो खूब वायरल हो रहा है. फोटो में आरोपी अमन सिंह भाजपा के राष्ट्रीय स्तर के नेताओं के साथ खड़ा है. इनमें केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर भी हैं, जो किसानों से कई दौर की वार्ता के बाद भी कोई हल नहीं निकाल पाये हैं. वहीं कत्ल का दोषी बर्खास्त पुलिसकर्मी गुरमीत सिंह पिंकी भी थे.
आरोपी निहंग के साथ खड़े हैं कृषि मंत्री
बता दें कि सिंघू बार्डर पर एक व्यक्ति की बेरहमी के साथ कत्ल करन वाले निहंग ग्रुप का नेता बाबा अमन सिंह की फोटो भाजपा के राष्ट्रीय स्तर के नेताओं के साथ सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है. वायरल हो रही तस्वीर में केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर भी निहंग के साथ दिखाई दे रहे हैं. इस तस्वीर के सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारे में भूचाल सा आ गया है.
रणदीप सिंह सुरजेवाला ने भाजपा पर साधा निशाना
वायरल हो रही इस तस्वीर पर कांग्रेस के राष्ट्रीय स्तर प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने ट्वीट कर भाजपा पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि सत्य सामने आ ही रहा है. परतें उठ रही हैं, पर्दा खुल रहा है. कौन असल में पर्दे के पीछे किसके साथ खड़ा है? कौन किसानों के खिलाफ क्या षड्यंत्र कर रहा है? इस ट्वीट के साथ ही उन्होंने किसान आंदोलन का हैशटैग भी बनाया है.
यह था मामला
बता दें कि 15 अक्टूबर को लखबीर सिंह की लाश सिंघू बार्डर पर किसान मंच के नजदीक बैरीकेड की ओर लटकी मिली थी. निहंग सिक्खों ने दावा किया कि लखबीर सिंह ने गुरु ग्रंथ की बेअदबी करन की कोशिश की थी. जिस कारण लखबीर के हाथ-पैर काट कर लाश को बैरीकेड पर लटका दिया था. इस मामले में तीन निहंग सिक्खों ने पुलिस के आगे आत्म समर्पण कर दिया है. जिनमें से सरबजीत नाम के मुलजिम को अदालत ने शनीवार को 7 दिनों के रिमांड पर भेज दिया. जबकि तीन और आरोपियों को अदालत ने 6 दिनों के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है.









