नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज सुबह 11 बजे अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के जरिये देशवासियों को संबोधित करेंगे. हर महीने के अंतिम रविवार सुबह 11 बजे आकाशवाणी और डीडी चैनलों पर प्रसारित होने वाले ‘मन की बात’ कार्यक्रम की यह 81वीं कड़ी है.मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी आज अमेरिका दौरे, क्वाड और यूएन बैठकों को लेकर देशवासियों को विस्तार से जानकारी दे सकते हैं. प्रधानमंत्री आज ही अपनी तीन दिन अमेरिका यात्रा से वापस भारत आ रहे हैं. प्रधानमंत्री ने शनिवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित किया था. इस भाषण में प्रधानमंत्री ने कोरोना, जलवायु परिवर्तन, आतंकवाद और अफगानिस्तान जैसे मुद्दों पर विश्व बिरादरी के सामने भारत की बात रखी थी.
अमेरिका यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने यूएनजीए में भाषण के अलावा प्रत्यक्ष क्वाड शिखर सम्मेलन में भाग लिया. इसके अलावा, मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन के अलावा अमेरिका की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस व आस्ट्रेलिया तथा जापान के प्रधानमंत्री के साथ बातचीत की थी.
बता दें कि प्रसार भारती अपने आकाशवाणी नेटवर्क पर इस कार्यक्रम को 23 भाषाओं और 29 बोलियों में प्रसारित करता है. इसके अलावा, प्रसार भारती अपने विभिन्न डीडी चैनलों पर इस कार्यक्रम का हिंदी और अन्य भाषाओं में प्रसारण करता है.









