ओलंपिक खेलों में जल्द ही क्रिकेट को भी शामिल किया जा सकता है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ओलंपिक खेलों में क्रिकेट को शामिल कराने के लिए जल्द ही दावा पेश करने वाली है। आईसीसी ने मंगलवार को इस संबंध में पुष्टि करते हुए कहा है कि लॉस एंजिल्स में 2028 में होने वाले ओलंपिक खेलों में क्रिकेट को शामिल करने के लिए अपनी तरफ से दावा पेश करेगा।
आईसीसी लंबे समय से कर रहा प्रयास
गौरतलब है कि ओलंपिक खेलों में फिलहाल क्रिकेट शामिल नहीं है और आईसीसी लंबे समय से इसके लिए प्रयास कर रहा है। इस संबंध में आईसीसी को भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) का भी समर्थन हासिल है। BCCI सचिव जय शाह (Jai Shah) ने हाल में इस पर अपनी राय भी व्यक्त की थी।
ICC ने गठित किया ओलंपिक कार्य समूह
लॉस एंजिल्स ओलंपिक खेलों में क्रिकेट को शामिल कराने के लिए आईसीसी सक्रिय हो गया है और इस काम में तेजी लाने के लिए आईसीसी ने ओलंपिक कार्य समूह का भी गठन कर दिया है, जो क्रिकेट को ओलंपिक खेलों का हिस्सा बनाने के दिशा में काम करेगा। इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष इयान वॉटमोर ICC ओलंपिक कार्य समूह के प्रमुख होंगे और उनके साथ ICC की स्वतंत्र निदेशक इंदिरा नूयी भी होंगी। जिम्बाब्वे क्रिकेट के तावेंग्वा मुकुहलानी, आईसीसी के एसोसिएट सदस्य निदेशक और एशियाई क्रिकेट परिषद के उपाध्यक्ष महिंदा वाल्लिपुरम तथा अमेरिका क्रिकेट के पराग मराठे भी इस कार्य समूह में शामिल हैं।
दुनियाभर में क्रिकेट के 1 अरब प्रशंसक
आईसीसी चेयरमैन ग्रेग बार्क्ले ने भी कहा है कि हम सभी क्रिकेट को भविष्य में ओलंपिक खेलों में देखना चाहते हैं। दुनियाभर में 1 अरब से अधिक लोग क्रिकेट के प्रशंसक है और 90 प्रतिशत लोग क्रिकेट को ओलंपिक खेलों में देखना चाहते हैं।









