देश में कोरोना की दूसरी लहर अभी समाप्त नहीं हुई है। हालांकि अधिकांश राज्यों में ताजा केस कम हुए हैं और यही कारण है कि कोरोना नियमों और लॉकडाउन की संख्ती में ढील दी गई है। ताजा खबर दिल्ली और केरल से है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार से नई गाइडलाइन लागू होने जा रही है। यहां दिल्ली सरकार ने सभी साप्ताहिक बाजारों को खोलने की अनुमति दी गई है। वहीं केरल में कोरोना के केस अभी कम नहीं हुए हैं, लेकिन सरकार ने 11 अगस्त से मॉल्स में स्थित दुकानों को खोलने की अनुमति दे दी गई है।
दिल्ली: मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को घोषणा की कि राष्ट्रीय राजधानी में सभी साप्ताहिक बाजार 9 अगस्त से फिर से खुलेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजधानी में कोरोना के मामलों में भारी कमी आई है। आम आदमी पार्टी की सरकार गरीबों की भलाई के लिए चिंतित है, जिनकी आजीविका साप्ताहिक बाजारों से सीधे प्रभावित होती है। यही कारण है कि साप्ताहिक बाजार सोमवार से खोले जा रहे हैं। ये गरीब लोग हैं। सरकार उनकी रोजी-रोटी को लेकर काफी चिंतित है। मैं सभी से इन बाजारों के खुलने के बाद कोरोना नियमों का पालन करने का आग्रह करता हूं।
केरल: केरल में बढ़ते COVID-19 मामलों के बीच राज्य सरकार ने 11 अगस्त से मॉल में दुकानों को खोलने की अनुमति दी है। यहां भी अन्य दुकानों के लिए निर्धारित शर्तों का पालन और सभी एहतियाती व्यवस्था करने को कहा गया है। राज्य के आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा शनिवार को जारी आदेश में, लोगों को COVID-19 प्रोटोकॉल सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है, जिसमें मास्क पहनना, हैंड सैनिटाइज़र का उपयोग, तापमान जांच और शारीरिक दूरी का पालन करना शामिल है।









