हांगकांग ।
सोशल नेटवर्किग कंपनियां फेसबुक, ट्विटर और गूगल ने हांगकांग सरकार को धमकी दी है कि डाटा संरक्षण के कानूनों में अगर अधिकारियों ने बदलाव करने की कोशिश की तो वह इस क्षेत्र में कामकाज बंद कर देंगे। दूसरी ओर, हांगकांग की नेता कैरी लैम ने कहा कि ‘विचारधाराएं’ राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा बन रही हैं। उन्होंने अभिभावकों, अध्यापकों और धार्मिक नेताओं से आग्रह किया कि वह किशोरों के व्यवहार पर नजर रखें। साथ ही प्रशासन के कानून तोड़ने वालों के संबंध में जानकारी दें।
सोशल नेटवर्किग कंपनियों फेसबुक, ट्विटर और गूगल आदि ने कहा है कि हांगकांग में डाटा प्रोटेक्शन के तहत नए कानून लाकर गलत इरादे से लोगों की आनलाइन सूचनाएं न मांगी जाएं। इंटरनेट कंपनियों के समूह डब्ल्यूएसजे की ओर से भेजे गए एक पत्र में कहा गया है कि इन कंपनियों को लगता है कि इस कानून में संशोधन करके उनके कर्मचारियों को आपराधिक जांच के दायरे में लाया जाएगा। या फिर यूजर्स को अपनी किसी निजी पोस्ट के लिए आपराधिक जांच के दायरे में लाया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि विगत मई में हांगकांग के डाटा प्रोटेक्शन कानून में लोगों की निजी जानकारियां इंटरनेट पर प्रसारित करने से रोकने के संबंध में कुछ नए प्रविधान जोड़ने की बात कही गई थी। इसकी सजा 1.28 लाख डालर (10 लाख हांगकांग डालर) का जुर्माना करने का प्रविधान जोड़ने का प्रस्ताव है। इन प्रतिबंधों से बचने का बस यही तरीका है कि आइटी कंपनियां हांगकांग में निवेश करना और सेवाएं देना बंद कर दें।









