
इंदौर. इंदौर के त्योहार के रूप में प्रतिष्ठा पा चुके ‘Lit चौक’ द्वारा महिलाओं के लिए एक अनूठे प्रकल्प की शुरुआत की जा रही है। ‘Lit Women’s चौक’ नाम से शुरू हो रहा यह प्रकल्प महिलाओं के लिए महिलाओं द्वारा संचालित होगा। इस प्रकल्प के माध्यम से विभिन्न विधाओं और क्षेत्रों में काम करने वाली महिलाओं को एक मंच पर लाने का प्रयास किया जा रहा है। गृहिणी, कलाकार, कामकाजी महिलाएं या विद्यार्थी, हर आयु वर्ग व हर क्षेत्र की महिलाएं ‘Lit Women’s चौक’ से जुड़ रही हैं।
शहर में ‘Lit Women’s चौक’ का प्रथम आयोजन 17 मार्च 2024 को इंदौर प्रेस क्लब के सभागृह में शाम 4 से 6 बजे तक होने जा रहा है। यह संपूर्ण रूप से महिलाओं का, महिलाओं द्वारा और महिलाओं के लिए है। इसमें तीन सत्रों के माध्यम से प्रसिद्ध अभिनेत्री सुनीता रजवार, सैन्य अधिकारी ले कर्नल अन्नपूर्णा प्रधान एवं मशहूर उद्यमी अदिति चौरसिया अपने अमूल्य और प्रेरणादायी अनुभवों को साझा करेंगी।
एक सत्र में ‘महिला किरदारों का बोलबाला: नए समय का सिनेमा’ विषय पर सुनीता रजवार और आरजे विनी चर्चा करेंगी, अन्य सत्र में ले कर्नल अन्नपूर्णा प्रधान और डॉ सोनाली नरगुंदे ‘ आंचल का परचम: सेना में स्त्रियां’ विषय पर बातचीत करेंगी। ऐसे ही एक सत्र में अदिति चौरसिया से ‘उद्यमिता और महिलाएं’ विषय पर दीपिका पाठक बात करेंगी। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य यह है कि ये सशक्त महिलाएं एकदूसरे के लिए रास्ते खोजते हुए दूसरी महिलाओं को भी सक्षम बनाएं। इस कार्यक्रम में प्रवेश नि:शुल्क है।