
भोपाल । आप के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आगामी 14 मार्च को राजधानी में रैली आयोजित कर चुनावी शंखनाद करेंगे। उनके साथ में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी मौजूद रहेंगे। प्रदेश में सभी 230 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री और राज्यसभा सदस्य संदीप पाठक ने मीडिया से चर्चा में कहा कि मध्य प्रदेश की जनता तीसरा विकल्प तलाश रही है इसलिए पार्टी पूरी ताकत से इस चुनाव में उतरेगी। संदीप पाठक ने आरोप लगाया कि मध्य प्रदेश विधायकों का बाजार बना हुआ है।कांग्रेस बिक रही है और भाजपा खरीद रही है। इन दोनों पार्टियों को जनता से कोई मतलब नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब काम की राजनीति को अपनाएगी। दिल्ली की तर्ज पर मध्य प्रदेश में भी शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और पानी को लेकर ऐतिहासिक निर्णय लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी की लड़ाई व्यवस्था परिवर्तन एवं भ्रष्टाचार मुक्त देश बनाने की है। बता दें कि संदीप पाठक लगातार प्रदेश के दौरे कर रहे हैं। वे सतना, जबलपुर और ग्वालियर में कार्यकर्ता सम्मेलन कर चुके हैं। भोपाल में भी सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है।