बॉक्स ऑफिस पर मार्च में कई फिल्में सिनेमाघरों में प्रदर्शित हो रही हैं। हाल ही में किरण राव के निर्देशन में बनी फिल्म लापता लेडीज ने थिएटर्स में दस्तक दी है। वहीं, पिछले महीने तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया, क्रैक और आर्टिकल 370 रिलीज हुई थीं।
लापता लेडीज
किरण राव के निर्देशन में बनी फिल्म लापता लेडीज की चर्चा लंबे समय से चल रही थी। अब यह फिल्म सिनेमाघरों तक पहुंच चुकी है। इस फिल्म की बॉक्स ऑफिस पर शुरुआत धीमी रही, लेकिन दूसरे दिन फिल्म की कमाई में उछाल देखने को मिला है। शनिवार को फिल्म ने एक करोड़ 60 लाख रुपये का कलेक्शन किया। इसके साथ ही फिल्म का कुल कारोबार अब दो करोड़ 35 लाख रुपये हो गया है।
आर्टिकल 370
यामी गौतम अभिनीत फिल्म आर्टिकल 370 ने टिकट खिड़की पर अब तक अच्छा कारोबार किया है। यह फिल्म दर्शकों को खूब पसंद आ रही है। पहले सप्ताह में फिल्म ने 35.6 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। वहीं, दूसरे वीकएंड पर भी फिल्म अच्छा बिजनेस कर रही है। नौवें दिन इस फिल्म ने पांच करोड़ 75 लाख रुपये का कलेक्शन किया है। इसके साथ ही फिल्म का कुल कलेक्शन 44.35 करोड़ रुपये हो गया है।
क्रैक
विद्युत जामवाल, नोरा फतेही और अर्जुन रामपाल अभिनीत फिल्म क्रैक को दर्शकों ने रिजेक्ट कर दिया है। बॉक्स ऑफिस पर टिके रहने के लिए इस फिल्म को काफी संघर्ष करना पड़ रहा है। नौवें दिन इस फिल्म ने 24 लाख रुपये का कलेक्शन किया है। इसके साथ ही फिल्म का कुल कलेक्शन 12.81 करोड़ रुपये हो गया है।
तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया
फिल्म तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया बीते महीने रिलीज हुई थी। कम बजट में बनी यह फिल्म अब तक ठीक ठाक कमाई करने में सफल रही है। पहले हफ्ते में इस फिल्म ने 44.35 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। वहीं, दूसरे हफ्ते में इसने 21.65 करोड़ रुपये और तीसरे हफ्ते में 10.75 करोड़ रुपये का कारोबार किया। बीते शुक्रवार को फिल्म ने 50 लाख रुपये की कमाई की। ताजा आंकड़ों के मुताबिक चौथे शनिवार को फिल्म ने एक करोड़ 20 लाख रुपये बटोरे हैं। इसके साथ ही फिल्म की कुल कमाई 78.45 करोड़ रुपये हो गई है।









