भोपाल। स्वामी विवेकानंद की जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय युवा दिवस शुक्रवार को मनाया जाएगा। मध्य प्रदेश के समस्त विद्यालयों में सामूहिक सूर्य नमस्कार होगा। मुख्यमंत्री मोहन यादव भोपाल के सुभाष उत्कृष्ट विद्यालय और स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह नरसिंहपुर में विद्यार्थियों के साथ योग करेंगे। युवा दिवस के अवसर पर प्रदेश के समस्त शिक्षण संस्थाओं में सुबह 9 बजे से 10.30 बजे तक आकाशवाणी से प्रसारित होने वाले कार्यक्रम में राष्ट्रगीत वंदे मातरम, स्वामी विवेकानंद के रिकॉर्डेड ऑडियो, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का प्रसारण होगा।









