रायगढ़: छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय की छापेमारी जारी है. ईडी ने रायगढ़ कलेक्टर रानू साहू के घर भी सोमवार को छापा मारा था. कलेक्टर रानू के रायगढ़ में नहीं होने से उनके सरकारी निवास को सील कर दिया था. इस दौरान अफवाहों का बाजार गरम था. कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थी. कहा जा रहा था कि रानू साहू फरार हैं, लेकिन आईएएस रानू को लेकर ईडी का एक पत्र सामने आया है, जिसमें उन्होंने ईडी को जांच में सहयोग करने की बात कही है. साथ ही यह भी कहा है कि 10 से 11 अक्टूबर को अवकाश में थी. हैदराबाद इलाज के लिए गई थी. अब वह रायगढ़ लौट आई हैं.

रायगढ़ कलेक्टर रानू साहू ने ईडी को लिखा पत्र
सायाजी होटल बना ईडी का वार रुम: प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारी राजधानी रायपुर के सायाजी होटल में ठहरे हुए हैं. जानकारी के मुताबिक खुद ईडी डायरेक्टर संजय कुमार मिश्रा, ज्वाइंट डायरेक्टर योगेश शर्मा और अभिषेक गोयल रायपुर पहुंचे हुए हैं. इन्होंने सायाजी होटल को अपना वार रूम बनाया है. यहीं आईएएस समीर बिश्नोई और उनकी पत्नी के अलावा आईएएस जेपी मौर्य से भी पूछताछ की जा रही है.
कौन हैं आईएएस रानू साहू: IAS रानू साहू छत्तीसगढ़ की चर्चित महिला अधिकारी हैं. वह अभी रायगढ़ जिले की कलेक्टर हैं. 2010 बैच की IAS रानू साहू की गिनती तेज तर्रार अफसरों में होती है. उनका जन्म छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के पांडुका में हुआ है. पति का नाम जयप्रकाश मौर्य है. वह मंत्रालय में सचिव हैं. मां लक्ष्मी साहू जिला पंचायत की सदस्य हैं. पिता अरुण साहू हार्डवेयर की दुकान चलाते हैं. रानू साहू के दो बहन और एक भाई है. बहन महिला विकास विभाग में अधिकारी है.









