संघ लोक सेवा आयोग (UPSC Result) ने शुक्रवार को सिविल सेवा परीक्षा-2020 का परिणाम घोषित कर दिया है. सिविल सेवा परीक्षा में कुल 761 उम्मीदवार पास हुए हैं. बिहार के कटिहार जिले के शुभम कुमार ने परीक्षा में टॉप किया है. टॉपर शुभम कुमार ने कहा कि IAS अधिकारी बनने और वंचितों की सेवा करने का उनका सपना पूरा हो गया. उन्होंने कहा कि गांवों का विकास, रोजगार सृजन और देश के ग्रामीण क्षेत्रों में गरीबी उन्मूलन पर वह ध्यान देंगे. 24 वर्षीय कुमार ने अपने तीसरे प्रयास में सिविल सेवा परीक्षा में शीर्ष स्थान हासिल किया. वह 2018 में पहले प्रयास में उत्तीर्ण नहीं हो सके, जबकि 2019 में दूसरे प्रयास में उनका चयन भारतीय रक्षा लेखा सेवा (IDAS) के लिए हुआ था। कुमार ने IIT बंबई से बैचलर ऑफ टेक्नोलॉजी (सिविल इंजीनियरिंग) में स्नातक किया है और UPSC परीक्षा के लिए उन्होंने मानव शास्त्र को वैकल्पिक विषय चुना था. बिहार के कटिहार जिले के रहने वाले कुमार वर्तमान में पुणे स्थित राष्ट्रीय रक्षा वित्तीय प्रबंधन अकादमी में प्रशिक्षण ले रहे हैं. उन्होंने कहा, ‘मेरा सपना IAS बनने का था, क्योंकि इसमें लोगों की बेहतरी के लिए बड़े मंच पर काम करने का अवसर मिलता है. यह पूरा हो गया है और मैं वंचित लोगों के लिए काम करना पसंद करूंगा, खासतौर पर ग्रामीण इलाकों में। दो भाई-बहनों में छोटे कुमार की बड़ी बहन भाभा परमाणु शोध केंद्र (बार्क) में वैज्ञानिक हैं. कुमार ने कहा, ‘मेरे पिता मुझे प्रोत्साहित करते थे और मुझे सकारात्मक रवैया बनाए रखने में सहयोग करते थे जिससे परीक्षा पास करने में मुझे मदद मिली।









